menu-icon
India Daily

किसानों से उद्योग तक... हाथरस को मिली 548 करोड़ की सौगात, सीएम योगी ने गिनाईं उपलब्धियां

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस में 548 करोड़ रुपये की 143 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया. उन्होंने कानून व्यवस्था, औद्योगिक विकास और किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं का भी जिक्र किया.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
किसानों से उद्योग तक... हाथरस को मिली 548 करोड़ की सौगात, सीएम योगी ने गिनाईं उपलब्धियां
Courtesy: @myogiadityanath X Account

हाथरस: योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हाथरस दौरे के दौरान जिले को 548 करोड़ रुपये की 143 विकास परियोजनाओं की सौगात दी. मुख्यमंत्री ने सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया. इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित किया और सरकार की विकास योजनाओं के साथ कानून व्यवस्था पर भी अपने विचार रखे.

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत भगवान श्रीराम, हनुमान, श्रीकृष्ण, बलदाऊजी महाराज और बांके बिहारी जी के जयकारों के साथ की. उन्होंने प्रसिद्ध हास्य कवि काका हाथरसी को भी याद किया और हाथरस की हींग की पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी खुशबू देश और विदेश तक पहुंची है.

अपने भाषण में सीएम ने क्या कहा?

अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के लिए सुरक्षित वातावरण सबसे जरूरी है. उन्होंने कहा कि जहां दंगे और अशांति होती है, वहां विकास की कल्पना करना कठिन होता है. उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में कोई दंगा नहीं हुआ और कानून व्यवस्था में लगातार सुधार हुआ है.

मुहर्रम को लेकर सीएम ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री ने हाल ही में संपन्न हुए मुहर्रम का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि इस बार प्रदेश में करीब 12 हजार ताजिया जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से निकले और कहीं भी दंगा या कर्फ्यू जैसी स्थिति नहीं बनी. उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के सहयोग से सभी धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुए, जिससे प्रदेश में बेहतर माहौल बना है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हाथरस अब विकास की मुख्यधारा से जुड़ चुका है. उन्होंने कहा कि सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र में तेजी से निवेश बढ़ रहा है और यहां नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कृषि आधारित प्रोसेसिंग सेंटर विकसित किए जाएंगे, जिससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल सकेगा.

किसानों के बारे में क्या बोले सीएम?

उन्होंने विशेष रूप से आलू किसानों का जिक्र करते हुए कहा कि कोल्ड स्टोरेज और प्रोसेसिंग सुविधाएं बढ़ने से किसानों की लागत कम होगी और उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध होगा. मुख्यमंत्री ने बताया कि आगरा में अंतरराष्ट्रीय पोटेटो सेंटर को मंजूरी दी गई है, जिससे आलू उत्पादन और बेहतर किस्म के बीजों के विकास में मदद मिलेगी.

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय सैन्य संस्थान की स्थापना की गई है. उनका कहना था कि आधुनिक तकनीक, बेहतर बीज और नई कृषि योजनाओं के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया.