पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने उम्मीदवारों के चयन को लेकर नई रणनीति पर काम शुरू कर दिया है. पार्टी सूत्रों के अनुसार कांग्रेस हाईकमान ऐसा फॉर्मूला तैयार कर रहा है, जिसके तहत मौजूदा सांसदों को विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं दिया जाएगा. हालांकि इस प्रस्ताव पर अभी अंतिम मुहर लगनी बाकी है और जल्द ही पंजाब के वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा के बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा.
सूत्रों के मुताबिक यदि यह प्रस्ताव लागू होता है तो पंजाब कांग्रेस के सभी सात सांसद विधानसभा चुनाव लड़ने की दौड़ से बाहर हो सकते हैं. इनमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा जैसे बड़े नेताओं के नाम भी शामिल हैं.
पार्टी सूत्रों का कहना है कि हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, महासचिव केसी वेणुगोपाल और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बीच हुई बैठक में इस विषय पर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक में प्रस्ताव को लेकर सिद्धांत रूप से सहमति बनने की बात सामने आई है, लेकिन अंतिम निर्णय लेने से पहले पंजाब इकाई के वरिष्ठ नेताओं की राय भी ली जाएगी.
सूत्रों के अनुसार कुछ सांसद विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं और संभावित सुरक्षित सीटों पर अपनी दावेदारी मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं. इससे उन स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति बन रही है, जो लंबे समय से इन सीटों पर चुनाव की तैयारी कर रहे हैं. पार्टी नेतृत्व तक पहुंची फीडबैक में भी इस स्थिति का जिक्र किया गया है. इसी के बाद हाईकमान ने सांसदों को लोकसभा की जिम्मेदारी तक सीमित रखने के प्रस्ताव पर विचार शुरू किया है.
पार्टी सूत्रों के मुताबिक उम्मीदवारों के चयन में इस बार संगठन की ग्राउंड रिपोर्ट, सर्वे और प्रभारियों की राय को प्राथमिकता दी जाएगी. साथ ही एक परिवार से केवल एक व्यक्ति को टिकट देने का सिद्धांत अपनाने की भी तैयारी है. इसके अलावा बड़े नेताओं के लिए अलग से कोटा सिस्टम खत्म करने पर भी विचार किया जा रहा है. पार्टी चाहती है कि सभी सांसद अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करें और अधिक से अधिक सीटें जिताने पर ध्यान दें.
वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने पंजाब की 13 में से 7 सीटों पर जीत दर्ज की थी. इनमें जालंधर से चरणजीत सिंह चन्नी, लुधियाना से अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, गुरदासपुर से सुखजिंदर सिंह रंधावा, अमृतसर से गुरजीत सिंह औजला, पटियाला से डॉ. धर्मवीर गांधी, फतेहगढ़ साहिब से डॉ. अमर सिंह और फिरोजपुर से शेर सिंह घुबाया सांसद चुने गए थे.