ऑपरेशन गैंग बर्स्टः 1000 टीमें, 48 घंटे, 1014 रेड, 448 गिरफ्तारी, शहजाद भट्टी गैंग की बड़ी साजिश का हुआ खुलासा
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने ऑपरेशन गैंग बर्स्ट के तहत 48 घंटे में 1014 रेड कर 448 लोगों को गिरफ्तार किया. आईएसआई समर्थित शहजाद भट्टी गैंग के 9 सदस्य पकड़े गए. दिल्ली समेत कई शहरों में टारगेट किलिंग और हमलों की साजिश का खुलासा हुआ.
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 48 घंटे के स्पेशल ऑपरेशन को अंजाम दिया है. 5 से 7 मई तक चले इस ऑपरेशन को “ऑपरेशन गैंग बर्स्ट” का नाम दिया गया था. स्पेशल सेल की 1000 टीमों ने इस ऑपरेशन के दौरान विभिन्न शहरों में कुल 1014 रेड कीं और 448 लोगों को गिरफ्तार किया. इनमें आईएसआई समर्थित शहजाद भट्टी गैंग के नौ शातिर भी शामिल हैं. दिल्ली पुलिस ने ऑपरेशन के दौरान शहजाद भट्टी गैंग की बड़ी साजिश का खुलासा किया है. शहजाद भट्टी गैंग से जुड़ा यह मॉडयूल दिल्ली समेत देश के कई शहरों में हमले की साजिश पर काम कर रहा था.
एडीसीपी पीएस कुशवाह ने दी जानकारी
दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर पीएस कुशवाह ने बताया कि “ऑपरेशन गैंग बर्स्ट” दिल्ली पुलिस की संयुक्त पहल थी. हमने इस अभियान का पहला चरण जनवरी में चलाया था. अब तक इस ऑपरेशन के तहत 1014 रेड हो चुकी है. 448 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. बड़ी मात्रा में हथियार और 90 लाख रुपये की बरामदगी की गई हैं. दिल्ली से जुड़े 30 गैंगस्टर इस ऑपरेशन का टारगेट हैं. आपॅरेशन के दौरान दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी कार्रवाई की गई है.
लॉरेंस विश्नोई और उसके भाई की हत्या की दी थी धमकी
शहजाद भट्टी का नाम पंजाब में हुए ग्रेनेड हमलों में आया था. उसके नाम का आतंक उस समय और बढ़ गया जब शहजाद भट्टी ने लॉरेंस विश्नोई और उसके भाई अनमोल विश्नोई को जान से मारने की धमकी दी. शहजाद भट्टी गैंग देश में डर और अस्थिरता फैलाना चाहता था. शातिरों से पूछताछ में राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए संवेदनशील बड़े खुलासे होने की उम्मीद है. पकड़े गए शातिरों में से चार को दिल्ली में टारगेट किलिंग की जिम्मेदारी दी गई थी. उन्हें कई खास लोगों को निशाना बनाना था. गैंग के शातिरों ने टारगेट किलिंग के लिए रेकी भी की थी.
Also Read
सोशल मीडिया के जरिए रहते थे संपर्क में
दिल्ली पुलिस ने खुलासा किया है कि शहजाद भट्टी गैंग के शातिर एंटीकिप्टेड संदेशों के जरिए सोशल मीडिया पर संपर्क में रहते थे. पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से इलेक्ट्रोनिक डिवाइस बरामद की हैं. बरामद की गईं इलेक्ट्रोनिक डिवाइस फोरेंसिक जांच के लिए भेजी गई हैं. डिवाइस के डेटा से भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है.इसके साथ ही गैंग को फंडिंग और अंतर्राष्ट्रीय नेटवर्क की जांच भी की जा रही है.
दिल्ली से जुड़े 30 गैंग थे निशाने पर
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस ऑपरेशन के दौरान दिल्ली से जुड़े 30 गैंगस्टर्स और उनके नेटवर्क को टारगेट किया. ऑपरेशन का उद्देश्य दिल्ली और आसपास गैंग नेटवर्क को कमजोर करना था. दिल्ली पुलिस का दावा है कि शहजाद भट्टी गैंग को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई का समर्थन हासिल है. गैंग से जुड़े जो नौ शातिर गिरफ्तार किए गए हैं उनमें से एक जम्मू कश्मीर का है. पुलिस के मुताबिक शहजाद भट्टी गैंग के नेटवर्क को लेकर जल्द ही कुछ और बड़े खुलासे होंगे.