दिल्ली-नोएडा का सफर करने वाले हो जाएं सावधान! रोज 7 घंटे तक बंद रहेगा DND फ्लाईओवर, एडवाइजरी जारी
यातायात विभाग ने स्पष्ट किया है कि डीएनडी के दिल्ली जाने वाले कैरिजवे पर काम होने के कारण रात 11 बजे के बाद वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा.
नई दिल्ली: गौतम बुद्ध नगर यातायात पुलिस ने दिल्ली और नोएडा के बीच आवागमन करने वाले लाखों यात्रियों के लिए अहम ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. पुलिस के अनुसार, दिल्ली-नोएडा डायरेक्ट फ्लाईओवर पर मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य के चलते 22 फरवरी 2026 से 18 मार्च 2026 तक प्रतिदिन रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक यातायात बंद रहेगा.
इस अवधि में दिल्ली की ओर जाने वाला मार्ग पूरी तरह प्रभावित रहेगा. डीएनडी फ्लाईओवर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में दिल्ली और नोएडा को जोड़ने वाला सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है. इस आठ लेन वाले फ्लाईओवर से प्रतिदिन लगभग 2.5 लाख लोग गुजरते हैं.
कंपनी ने क्या बताया?
रात के समय भी बड़ी संख्या में यात्री और मालवाहक वाहन इस मार्ग का उपयोग करते हैं. मरम्मत कार्य के कारण रात में इस मार्ग के बंद रहने से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है. फ्लाईओवर के रखरखाव की जिम्मेदारी निभाने वाली नोएडा टोल ब्रिज कंपनी लिमिटेड ने बताया कि सड़क की सतह पर दोबारा बिटुमिन आधारित परत चढ़ाने का काम किया जा रहा है.
कार्य को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा
इसके लिए उपयुक्त तापमान और निर्माण सामग्री की सतत आपूर्ति जरूरी होती है. कंपनी के अनुसार, प्रदूषण नियंत्रण संबंधी प्रतिबंधों और सर्द मौसम के कारण पहले यह कार्य शुरू नहीं हो सका था, जिसके चलते अब रात के समय इसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है.
यातायात विभाग ने एडवाइजरी की जारी
यातायात विभाग ने स्पष्ट किया है कि डीएनडी के दिल्ली जाने वाले कैरिजवे पर काम होने के कारण रात 11 बजे के बाद वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले मार्ग की योजना बना लें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें.
सुझाए गए वैकल्पिक मार्ग
1. ट्रैफिक पुलिस ने नोएडा से दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए कुछ वैकल्पिक रूट भी तय किए हैं.
2. नोएडा एक्सप्रेसवे व मायामाया फ्लाईओवर की तरफ से आने वाले वाहन दलित प्रेरणा स्थल होते हुए चिल्ला के जरिए दिल्ली जा सकते हैं.
3. नोएडा के सेक्टर 16 और रजनीगंधा चौक से आने वाले वाहनों को यू-टर्न लेकर चिल्ला की ओर भेजा जाएगा.
डीएनडी फ्लाईवे क्यों जरूरी?
फरवरी 2001 में शुरू हुआ यह लगभग 9.2 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर नोएडा को दिल्ली के महारानी बाग क्षेत्र से सीधे जोड़ता है. तेज और सिग्नल-मुक्त यातायात सुविधा के कारण यह एनसीआर के सबसे महत्वपूर्ण कॉरिडोर में गिना जाता है. आईटी हब, औद्योगिक क्षेत्रों और आवासीय सेक्टरों को राजधानी से जोड़ने में इसकी बड़ी भूमिका है.
यातायात पुलिस ने की अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय में डीएनडी मार्ग से बचें. ट्रैफिक नियमों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सहयोग करें, ताकि मरम्मत कार्य समय पर पूरा हो सके और भविष्य में सुरक्षित व सुगम यातायात सुनिश्चित किया जा सके.