menu-icon
India Daily

दिल्ली में आज भी 17 मेट्रो स्टेशन बंद, इंटरचेंज सेवा जारी; यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह

जंतर मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के मद्देनजर शुक्रवार को भी दिल्ली के 17 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद रहेंगे. हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
दिल्ली में आज भी 17 मेट्रो स्टेशन बंद, इंटरचेंज सेवा जारी; यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह
Courtesy: ANI

राजधानी दिल्ली में जंतर मंतर पर प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है. इसी के तहत शुक्रवार को भी दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने 17 मेट्रो स्टेशनों को सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला किया है. 

प्रशासन का कहना है कि यह कदम कानून व्यवस्था बनाए रखने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है. हालांकि, राहत की बात यह है कि राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा पहले की तरह उपलब्ध रहेगी. यानी यात्री इन स्टेशनों पर ट्रेन बदल सकेंगे, लेकिन स्टेशन से बाहर निकलने या प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी.

इन 17 मेट्रो स्टेशनों पर नहीं मिलेगा प्रवेश

डीएमआरसी के अनुसार लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान मेट्रो स्टेशन शुक्रवार सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक बंद रहेंगे.इन स्टेशनों पर यात्रियों का प्रवेश और निकास पूरी तरह बंद रहेगा. केवल निर्धारित इंटरचेंज स्टेशनों पर ट्रेन बदलने की सुविधा उपलब्ध होगी.

आज से पहले गुरुवार को भी सेंट्रल दिल्ली में यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही. कई प्रमुख सड़कों पर पुलिस की ओर से बैरिकेडिंग किए जाने और मेट्रो स्टेशनों के बंद रहने के कारण हजारों लोगों को लंबे जाम का सामना करना पड़ा. कार्यालयों की छुट्टी के समय स्थिति और अधिक गंभीर हो गई थी. यात्रियों के अनुसार सामान्य दिनों की तुलना में उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में 40 से 45 मिनट अधिक समय लगा. कई लोगों को मेट्रो के बजाय बसों और अन्य सार्वजनिक परिवहन का सहारा लेना पड़ा, जहां भारी भीड़ के कारण लंबा इंतजार करना पड़ा.

यात्रियों को दी गई यह सलाह

प्रशासन और डीएमआरसी ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले मेट्रो सेवाओं की ताजा जानकारी अवश्य जांच लें और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें. साथ ही अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें ताकि यातायात प्रतिबंधों और मेट्रो स्टेशनों के बंद रहने से होने वाली असुविधा से बचा जा सके. सुरक्षा व्यवस्था सामान्य होने के बाद ही इन स्टेशनों पर सेवाएं बहाल की जाएंगी.