menu-icon
India Daily

सिगरेट देने से किया इनकार तो...मंगोलपुरी में रात के अंधेरे में नाबालिग की चाकूओं से गोदकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के मंगोलपुरी में 17 साल के लालू को सिगरेट देने से मना करने पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई. यह घटना पुलिस स्टेशन से थोड़ी दूरी पर हुई. तीन नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
सिगरेट देने से किया इनकार तो...मंगोलपुरी में रात के अंधेरे में नाबालिग की चाकूओं से गोदकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: दिल्ली के मंगोलपुरी थाना इलाके में एक बार फिर चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है. पुलिस स्टेशन से सिर्फ 30 मीटर दूर एक पार्क में 17 साल के नाबालिग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. मृतक की पहचान 17 साल के लालू के रूप में हुई है.

पता चला है कि मृतक लालू देर शाम पास के एक पार्क में बाथरूम करने गया था. पार्क में अंधेरा था और तीन-चार नाबालिग लड़के पहले से मौजूद थे. आरोप है कि उन्होंने लालू से सिगरेट मांगी. जब लालू ने मना किया, तो लड़के भड़क गए और उस पर चाकू से हमला कर दिया. 

कब हुई लालू की मौत? 

लालू हमले के बाद गंभीर रूप से घायल हो गया. शोर सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत मंगोलपुरी के संजय गांधी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलने पर मंगोलपुरी थाना पुलिस और सीनियर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की.

जिले के DCP ने क्या बताया?

लालू अपने रिश्तेदार से मिलने आया था. उन्होंने उसकी मौत की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि मृतक लालू की वहां किसी से न तो कोई दोस्ती थी और न ही कोई दुश्मनी. जिले के DCP सचिन शर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि घटना में शामिल तीनों आरोपियों को घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया गया था, और वे सभी नाबालिग हैं. 

शुरुआती जांच में क्या आया सामने?

शुरुआती जांच में लग रहा है कि मामला आपसी झगड़े और मामूली कहासुनी का है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस ने जुर्म में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है. अब सरेराह पुलिस स्टेशन से कुछ ही कदम दूर हुई इस हत्या के बाद लोगों में डर और दहशत का माहौल है. 

क्या लिया गया एक्शन?

मंगोलपुरी पुलिस स्टेशन ने केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है. हालांकि, पुलिस स्टेशन के इतने करीब हुई यह सनसनीखेज घटना सिक्योरिटी सिस्टम पर सवाल उठाती है.