नई दिल्ली: दिल्ली और मेरठ के बीच सफर अब पहले से कहीं तेज और आसान हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ‘नमो भारत रैपिड रेल’ के पूरे 82 किलोमीटर लंबे फुल स्ट्रेच का उद्घाटन किया. सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक यह सेवा आज शाम 6 बजे से आम यात्रियों के लिए शुरू हो जाएगी. इस परियोजना के साथ मेरठ मेट्रो की शुरुआत भी हुई है, जिसे आधुनिक और सेमी हाई-स्पीड क्षेत्रीय परिवहन का नया अध्याय माना जा रहा है.
दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक फैला यह कॉरिडोर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है. प्रधानमंत्री ने उद्घाटन के बाद मेरठ मेट्रो में सफर भी किया और छात्रों से बातचीत की. यह ट्रेन 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने में सक्षम है. इसे भारत की सबसे तेज सेमी हाई-स्पीड रीजनल रैपिड ट्रेन बताया जा रहा है.
इस सेवा के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच यात्रा समय घटकर लगभग 55 मिनट रह जाएगा. सराय काले खां स्टेशन पर मल्टी-इंटीग्रेटेड ट्रांजिट सिस्टम विकसित किया गया है. यहां स्मार्ट टिकटिंग वेंडिंग मशीनें और क्यूआर कोड आधारित टिकटिंग सुविधा उपलब्ध है. भविष्य को ध्यान में रखते हुए छह प्लेटफॉर्म बनाए गए हैं, ताकि आगे अन्य रूट भी जोड़े जा सकें.
नमो भारत रैपिड रेल के संचालन में महिला भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया है. करीब 80 प्रतिशत ड्राइवर स्टाफ महिलाएं होंगी. ट्रेन में प्रीमियम कोच, मोबाइल और लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट, ब्लाइंड पर्दे और डिजिटल ड्राइवर कंसोल जैसी सुविधाएं दी गई हैं. महिलाओं के लिए विशेष कोच भी बनाए गए हैं.
कोच में सामान रखने की पर्याप्त जगह, खड़े यात्रियों के लिए अतिरिक्त स्पेस, पानी की बोतल रखने की व्यवस्था, मैगजीन होल्डर और फुट-रेस्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं. यह परियोजना दिल्ली-एनसीआर में तेज, सुरक्षित और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है.