बाल-बाल बची जान, दिल्ली एयरपोर्ट पर स्विस एयरलाइंस की फ्लाइट के इंजन में लगी आग, 6 यात्री घायल
दिल्ली के इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर रविवार के तड़के एक बड़ा हादसा टल गया. इस घटना में स्विस एयरलाइंस के एक विमान में आग लग गई.
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार तड़के एक बड़ी दुर्घटना टल गई. जिसमें स्विट्जरलैंड की स्विस एयरलाइंस की ज्यूरिख जाने वाली फ्लाइट एलएक्स147 के टेकऑफ के दौरान एक इंजन में अचानक आग लग गई. जिसके बाद विमान को इमरजेंसी स्थिति में रोकनी पड़ी.
घटना के दौरान विमान में कुल 232 लोग सवार थे. जिसमें कुछ बच्चे भी शामिल थे. सभी लोगों को इमरजेंसी स्लाइड्स के माध्यम से सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन 6 यात्रियों को चोट आईं है. इस घटना ने आधी रात में दिल्ली एयरपोर्ट पर हलचल तेज कर दी.
टेकऑफ के दौरान इंजन में लगी आग
मिल रही जानकारी के मुताबिक रात करीब 1:08 बजे एयरबस A330 विमान रनवे 28 पर टेकऑफ के लिए तेज गति से दौड़ रहा था. इसी दौरान इंजन नंबर एक में तकनीकी खराबी आ गई और उसमें आग की लपटें उठने लगीं. पायलट ने तुरंत स्थिति का आकलन किया और टेकऑफ रद्द कर दिया. उस समय विमान की गति लगभग 104 नॉट्स थी. पायलट की इस त्वरित प्रतिक्रिया ने एक बड़े हादसे को रोक लिया, जो अन्यथा गंभीर परिणाम दे सकता था. विमान रुकते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. कई यात्रियों ने चीख-पुकार शुरू कर दी, क्योंकि उन्होंने खिड़कियों से धुआं और आग की लपटें देखीं.
अस्पताल में भर्ती हुए घायल यात्री
एयरपोर्ट अधिकारियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और इमरजेंसी टीमों को अलर्ट कर दिया. पूरे विमान को खाली कराने के लिए इमरजेंसी स्लाइड्स का इस्तेमाल किया गया. सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए, हालांकि कुछ यात्रियों को निकासी के दौरान चोटें लगीं. घायल यात्रियों को मेदांता अस्पताल ले जाया गया. रनवे 28 तब तक बंद रहेगा, जब तक विमान को हटाया नहीं जाता.
घटना की जांच शुरू
स्विस एयरलाइंस ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है. एयरलाइंस ने पुष्टि की कि इंजन में समस्या आने के तुरंत बाद पायलट ने टेकऑफ रद्द कर दिया और सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार इमरजेंसी इवेक्यूएशन किया गया. एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने भी मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है
और पढ़ें
- सहारनपुर-हरिद्वार एक्सप्रेसवे पर सरकार का बड़ा दांव, 10000 करोड़ के प्रोजेक्ट पर गुड न्यूज; बदलने वाली है उत्तराखंड की किस्मत
- अभेद्य घेरे के भीतर रहते हैं ट्रंप, 300 सुरक्षाकर्मियों पर है अमेरिकी राष्ट्रपति की सुरक्षा की जिम्मेदारी; जानें क्या है मल्टी-लेयर सिक्योरिटी?
- वॉशिंगटन होटल में किसने की फायरिंग? सामने आई हमलावर की पहली तस्वीर; अरेस्ट