दिल्ली के जंतर-मंतर शनिवार को हुए जबरदस्त विरोध प्रदर्शन के बाद, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के खिलाफ देश विरोधी गतिविधियों के आरोप में FIR दर्ज की गई है. शिकायत में आरोप लगाया गया कि विदेश से मिले धन के इस्तेमाल से अभिजीत दिपके ने अमेरिका से लौटने के तुरंत बाद दिल्ली में नीट पेपर लीक और सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) मूल्यांकन प्रक्रिया में अनियमितताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन आयोजित किया था.
अभिजीत दिपके के आह्वान पर शनिवार को हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर जुटे. प्रदर्शनकारियों में ज्यादातर स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं एवं पेशेवर युवा शामिल थे. जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे. प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि नीट पेपर लीक को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान स्तीफा दें.
शांतिपूर्ण तरीके से हुए इस विरोध प्रदर्शन को खत्म करते हुए दिपके ने कहा कि अगर आज शाम 5 बजे तक प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं तो देशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा.
कॉकरोच जनता पार्टी पिछले महीने उस समय अस्तित्व में आई जब भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने देश के बेरोजगार युवाओं को कॉकरोच और परजीवी कहा था. इसके बाद अभिजीत दिपके ने कॉकरोच पार्टी की स्थापना की और देखते ही देखते बेहद कम समय में इसके 22 मिलियन फॉलोअर्स हो गए. बोस्टन विश्वविद्यालय में अध्ययनरत राजनीतिक कार्यकर्ता अभिजीत दिपके ने भारत के युवाओं के मुद्दों को उजागर करने के उद्देश्य से इस आंदोलन की शुरुआत की.