दिल्ली-NCR में लगातार बढ़ती गर्मी के बीच मौसम करवट लेने जा रहा है. लोगों को जल्द ही गर्मी से राहत मिलेगी. IMD ने राजधानी और आसपास के इलाकों में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है. पश्चिमी दिशा से आने वाली तेज हवाओं के कारण कई क्षेत्रों में धूल का असर बढ़ सकता है. इसके साथ ही गरज-चमक और हल्की बूंदाबांदी भी लोगों को राहत दे सकती है. IMD ने कुछ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है.
पिछले कई दिनों से दिल्ली-NCR में तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है. दोपहर के समय गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. इसी बीच मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि शाम तक तेज धूल भरी आंधी चल सकती है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि राजस्थान और हरियाणा की तरफ से आने वाली हवाओं का असर दिल्ली-NCR में साफ दिखाई देगा. धूल के कारण विजिबिलिटी कम हो सकती है और सड़कों पर वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है.
IMD के अनुसार लोनी देहात, हिंडन एयरफोर्स स्टेशन, गाजियाबाद, इंदिरापुरम, छपरौला, नोएडा, दादरी, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद और बल्लभगढ़ जैसे इलाकों में तेज हवाएं चलने की संभावना है. कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार काफी तेज हो सकती है. विभाग ने बताया कि धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है.
मौसम विभाग ने अपने नाउकास्ट अपडेट में गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार इन इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. प्रशासन ने लोगों से खुले स्थानों पर ज्यादा देर तक न रुकने और तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है.
धूल भरी आंधी का असर सिर्फ मौसम तक सीमित नहीं रहेगा. दिल्ली-NCR की हवा की गुणवत्ता पर भी पड़ सकता है. विशेषज्ञों का कहना है कि तेज हवाओं के कारण वातावरण में धूल के कण बढ़ जाएंगे. इससे AQI खराब श्रेणी में जा सकता है.