menu-icon
India Daily

दिल्ली में डबल मर्डर, पिता-बेटे की चाकू मारकर हत्या; आरोपी फरार

दिल्ली में एक डबल मर्डर का मामला सामने आया है, जिसमें एक पिता और उसके बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है. आरोपी की पहचान हो गई है, लेकिन वह अभी फरार है.

Shilpa Shrivastava
दिल्ली में डबल मर्डर, पिता-बेटे की चाकू मारकर हत्या; आरोपी फरार
Courtesy: ANI X

नई दिल्ली: साउथ दिल्ली के चित्तरंजन पार्क इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां पर एक पिता और बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है. यह हादसा पैसों को लेकर हुआ. पीड़ितों की पहचान राकेश सूद और उनके बेटे करण सूद के रूप में की गई है. पुलिस के अनुसार, यह हमला F ब्लॉक इलाके में उनके घर के बाहर हुआ. दोनों खून से लथपथ पड़े मिले. 

दोनों पीड़ितों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचने पर ही मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जांच से पता चलता है कि यह हत्या पैसों के विवाद के कारण हुई. करण सूद अपने पिता के साथ प्रॉपर्टी के कारोबार में काम करता था. खबरों के अनुसार, आरोपी का झगड़ा करण से दिन में ही हुआ था. फिर यह झगड़ा बाद में हिंसक हो गया.

धारदार हथियार से किया गया हमला:

खबरों के अनुसार, झगड़े के दौरान आरोपी ने धारदार हथियार निकाला. फिर करण पर कई बार हमला किया. जब राकेश सूद ने अपने बेटे को बचाने की कोशिश की, तो उन पर भी बार-बार चाकू से हमला किया गया. जिस तरह से उनके शरीर पर चोट के निशान थे, उससे यह साफ है कि हमला काफी क्रूर था. 

हमले का पता चलते ही क्राइम और फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं. पुलिस अब हमलावरों की पहचान करने के लिए इलाके के CCTV फुटेज खंगाल रही है. मुख्य आरोपी की पहचान हो चुकी है, लेकिन फिलहाल वह फरार है. पुलिस को शक है कि इस अपराध में दो से ज्यादा लोग शामिल थे. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हमला पुरानी रंजिश का नतीजा लगता है. आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने के प्रयास जारी हैं.