अब 5 घंटे में दिल्ली से उलानबटोर, भारत-मंगोलिया के बीच शुरू हुई सीधी उड़ान सेवा
भारत और मंगोलिया के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू हो गई है. दिल्ली से उलानबटोर की यात्रा अब करीब 5 घंटे में पूरी होगी.
भारत और मंगोलिया के बीच सोमवार से सीधी उड़ान सेवा शुरू हो गई. हन्नू एयर की नियमित फ्लाइट ने दोनों देशों की राजधानियों को सीधे जोड़ दिया है. इससे पहले यात्रियों को बीजिंग या इंचियोन होकर जाना पड़ता था और सफर में 13 से 18 घंटे तक लगते थे.
दिल्ली से उलानबटोर का सफर अब सिर्फ 5 घंटे
मंगोलिया की राजधानी उलानबटोर से पहली उड़ान सोमवार सुबह 7:20 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पहुंची. इसके बाद दिल्ली से पहली वापसी फ्लाइट दोपहर 4:37 बजे रवाना हुई. यह सीधी सेवा फिलहाल हर सोमवार को चलेगी. नई उड़ान से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय पहले के मुकाबले आधे से भी कम हो गया है. पहले यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट के जरिए बीजिंग या इंचियोन जाना पड़ता था.
पर्यटन और कारोबार को मिलेगा फायदा
सीधी उड़ान शुरू होने से दोनों देशों के बीच आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है. मंगोलिया से भारत आने वाले पर्यटक बौद्ध धर्म से जुड़े प्रमुख स्थलों तक आसानी से पहुंच सकेंगे. दूसरी ओर भारतीय पर्यटकों के लिए मंगोलिया के प्राकृतिक नजारे, ऐतिहासिक जगहें और सर्दियों में होने वाला पर्यटन आकर्षण का केंद्र होंगे. तेज कार्गो सेवा से सामान की आवाजाही आसान और कम समय में होने की उम्मीद है, जिससे दोनों देशों के कारोबार को भी फायदा मिल सकता है.
Also Read
- DDA Housing Scheme: दशहरा-दिवाली पर घर का सपना होगा पूरा! 1, 2 और 3 BHK के हजारों फ्लैट तैयार
- 'मैंने वही किया जो कोई भी करता...', थप्पड़ कांड पर दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने दी सफाई
- सड़क निरीक्षण करने पहुंचे PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने युवक को जड़ा थप्पड़, वीडियो वायरल; केजरीवाल ने की गिरफ्तारी की मांग
मोदी की घोषणा भी हुई पूरी
भारत और मंगोलिया के नागरिकों के लिए वीजा मुक्त यात्रा की सुविधा पहले से मौजूद है. इसके अलावा ई-वीजा की सुविधा भी उपलब्ध है. नई हवाई सेवा मंगोलियाई राष्ट्रपति यू. खुरेलसुख की अक्टूबर 2025 की भारत यात्रा के दौरान हुई घोषणा के तहत शुरू की गई है. हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसका ऐलान हुआ था. भारत के मंगोलिया स्थित राजदूत अतुल मल्हारी गोटसुरवे और हन्नू एयर के CEO मुंखजारगल की भूमिका भी अहम रही. उलानबटोर स्थित भारतीय दूतावास ने इसे दोनों देशों के रिश्तों के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है.