menu-icon
India Daily

दिल्लीवाले हो जाएं तैयार, आज भी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी; कई इलाकों में भरा पानी

दिल्ली-एनसीआर में पिछले तीन दिनों से जारी बारिश ने मौसम को सुहाना तो बना दिया है, लेकिन जनजीवन पर इसका गहरा असर पड़ा है. कई इलाकों में जलभराव, लंबा जाम और हादसों के बीच पांच लोगों की मौत हो गई.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
दिल्लीवाले हो जाएं तैयार, आज भी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी; कई इलाकों में भरा पानी
Courtesy: ANI

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगातार तीसरे दिन भी बारिश का सिलसिला जारी है. शुक्रवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिनभर बादल छाए रहने और मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है.

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. इससे पहले गुरुवार को न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री कम रहा. लगातार बारिश के कारण राजधानी का मौसम काफी सुहावना बना हुआ है.

35 घंटे की बारिश से बिगड़े हालात

दिल्ली-एनसीआर में लगातार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया. दिल्ली और गाजियाबाद में बारिश के पानी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि वर्षाजनित अन्य हादसों में दो लोगों ने जान गंवा दी. दिल्ली की संजय कॉलोनी में आठ वर्ष के एक बच्चे की खाली प्लॉट में भरे पानी में डूबने से मौत हो गई. भारी बारिश के चलते कई इलाकों में सड़कें पानी से भर गईं, घरों और दुकानों में पानी घुस गया तथा कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं. इन कारणों से सुबह से दोपहर तक यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा.

जलभराव और जाम से बढ़ी लोगों की परेशानी

बारिश के दौरान अधिकारियों को जलभराव की 68 शिकायतें प्राप्त हुईं. इसके अलावा नई दिल्ली नगर परिषद को बिजली आपूर्ति बाधित होने की 26 शिकायतें मिलीं, जबकि पांच स्थानों पर पेड़ गिरने की सूचना दर्ज की गई. विकास मार्ग, संगम विहार, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन क्षेत्र, मुनिरका, सदर बाजार, अलीपुर, बुराड़ी, बदरपुर, द्वारका और पूर्वी दिल्ली के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली.

वहीं आईटीओ, रोहतक रोड, महरौली-बदरपुर मार्ग, राष्ट्रीय राजमार्ग-48, रिंग रोड, पंजाबी बाग और शादिपुर जैसे प्रमुख मार्गों पर लंबे समय तक यातायात प्रभावित रहा. लगातार हो रही बारिश का सकारात्मक असर राजधानी की हवा पर भी देखने को मिला. गुरुवार को दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 48 दर्ज किया गया, जो लगभग तीन वर्षों में सबसे साफ हवा का स्तर माना जा रहा है.