menu-icon
India Daily

होली पर गर्मी की तपिश, मार्च के तीसरे दिन 31 के पार पहुंचा पारा

मौसम विभाग ने त्योहार के दिन आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है. दिन में 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति कभी-कभी 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

Anuj
Edited By: Anuj
होली पर गर्मी की तपिश, मार्च के तीसरे दिन 31 के पार पहुंचा पारा
Courtesy: Chat GPT

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है. मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री से अधिक रहा.

वहीं न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो औसत से करीब 2 डिग्री ज्यादा है. मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, होली के दिन अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 16 डिग्री रहने की संभावना है.

साल का सबसे गर्म दिन

अगर तापमान 33 डिग्री तक पहुंचता है तो यह इस साल का अब तक का सबसे गर्म दिन हो सकता है. मौसम विभाग ने त्योहार के दिन आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है. दिन में 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति कभी-कभी 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

सामान्य से अधिक रहा तापमान

रिपोर्ट के अनुसार, सफदरजंग में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री, पालम में 29.4 डिग्री, लोधी रोड में 31.4 डिग्री, रिज में 31.5 डिग्री व आयानगर में 31.6 डिग्री दर्ज किया गया. सभी स्थानों पर तापमान सामान्य से अधिक रहा. न्यूनतम तापमान की बात करें तो सफदरजंग में 15.6 डिग्री, पालम में 13.8 डिग्री, लोधी रोड में 14.6 डिग्री, रिज में 17.3 डिग्री व आयानगर में 15.1 डिग्री दर्ज हुआ. सुबह के समय आर्द्रता 74 प्रतिशत और शाम को 33 प्रतिशत तक रही.

मंगलवार सुबह एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 216 रिकॉर्ड हुआ. जो 'खराब' श्रेणी में आता है. इससे एक दिन पहले यह 'मध्यम' श्रेणी में था. अनुमान है कि होली और 6 मार्च तक वायु गुणवत्ता 'मध्यम' स्तर पर बनी रह सकती है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, 201 से 300 के बीच AQI को 'खराब' माना जाता है.

खराब श्रेणी में दर्ज हवा की गुणवत्ता

शहर के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर यह 'बहुत खराब' स्तर तक पहुंच गई. पंजाबी बाग इलाके में सबसे अधिक 389 AQI रिकॉर्ड किया गया.  गर्मी और प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.