Weather IMD

गर्मी से राहत या नई मुसीबत? दिल्ली में मौसम मचा सकता है कहर, IMD ने जारी किया अलर्ट

दिल्ली में 11 और 12 मई को आंधी, तेज हवाएं और बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है. हवाओं की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. चलिए जानते हैं सप्ताह के अंत तक कैसा रहेगा मौसम.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी और उमस के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. मौसम विभाग ने राजधानी के लिए अगले दो दिनों तक आंधी, तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है. सोमवार और मंगलवार को तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 11 मई 2026 यानी सोमवार दोपहर बाद मौसम बदलना शुरू होगा. दिन में तेज धूप रहने की संभावना है, लेकिन शाम और रात तक कई इलाकों में धूल भरी आंधी चल सकती है. इसके साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की भी संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग ने क्या बताया?

मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए दो दिन का येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग का कहना है कि सोमवार को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कई जगहों पर हवा की रफ्तार झोंकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. शाम और रात के समय बारिश का दूसरा दौर भी देखने को मिल सकता है.

कल कैसा रहेगा मौसम?

12 मई यानी मंगलवार को भी मौसम लगभग ऐसा ही रहने का अनुमान है. दोपहर बाद आसमान में बादल छाए रहेंगे और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. इन दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 35 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

कितना था बीते दिनों तापमान?

रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री ज्यादा था. पिछले दिनों हुई बारिश की वजह से हवा में नमी बनी हुई है, जिससे उमस महसूस की जा रही है.

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक रविवार शाम 4 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 127 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में रहा.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

13 मई को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और दोपहर या शाम में गरज वाले बादल बनने की संभावना है. 14 मई को बादल रहेंगे लेकिन बारिश के आसार कम हैं.

15 और 16 मई को मौसम साफ होने लगेगा और तापमान फिर बढ़ सकता है. 16 मई तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है.