दिल्ली में बारिश बनी आफत, IGI एयरपोर्ट हुआ पानी-पानी; 9 फ्लाइट डायवर्ट और 400 से ज्यादा लेट

जन्माष्टमी के दिन दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश ने जनजीवन के साथ हवाई यातायात भी प्रभावित किया. IGI एयरपोर्ट से नौ उड़ानें डायवर्ट हुईं, जबकि 400 से ज्यादा फ्लाइट देरी से चलीं. टर्मिनल-3 के फोरकोर्ट में भी पानी भर गया.

social media
Kuldeep Sharma

शुक्रवार को दिल्ली में करीब दो घंटे हुई तेज बारिश ने राजधानी की रफ्तार थाम दी. सड़कों से लेकर एयरपोर्ट तक इसका असर दिखाई दिया. इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर खराब मौसम के चलते उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ. टर्मिनल-3 के बाहर जलभराव ने यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ा दीं. मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया.

नौ उड़ानों को जयपुर, लखनऊ और अहमदाबाद भेजा गया

दिल्ली एयरपोर्ट पर शुक्रवार शाम 3:30 से 4:30 बजे के बीच मौसम खराब होने के कारण नौ उड़ानों का रूट बदलना पड़ा. इनमें चार फ्लाइट जयपुर, चार लखनऊ और एक उड़ान अहमदाबाद भेजी गई. इसके अलावा 400 से अधिक उड़ानों के समय पर भी असर पड़ा. फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के आंकड़ों के अनुसार, खराब मौसम के कारण बड़ी संख्या में विमानों को देरी का सामना करना पड़ा.

टर्मिनल-3 के बाहर पानी में फंसे यात्री

भारी बारिश का असर एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के फोरकोर्ट पर भी साफ नजर आया. यहां काफी मात्रा में पानी जमा हो गया, जिसके चलते यात्रियों को करीब आधे घंटे तक पानी कम होने का इंतजार करना पड़ा. आगमन क्षेत्र की ओर जाने वाले यात्रियों को जलभराव के बीच से गुजरना पड़ा. एयरपोर्ट कर्मचारियों ने भी इस स्थिति पर चिंता जताई और कहा कि इतनी गंभीर जलभराव की स्थिति उन्होंने पहले कम ही देखी है.


ड्रेनेज व्यवस्था पर उठे सवाल

जलभराव के बाद एयरपोर्ट की पानी निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हुए हैं. मौके पर मौजूद लोगों ने ड्रेनेज या सीवर में रुकावट की आशंका जताई. उनका कहना था कि एयरपोर्ट जैसे महत्वपूर्ण और व्यस्त स्थान पर बारिश के पानी की निकासी की व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए. IGIA पर रोजाना 1,300 से ज्यादा फ्लाइट मूवमेंट होते हैं, इसलिए यहां जलभराव का असर बड़ी संख्या में यात्रियों पर पड़ सकता है.

दिल्ली-NCR में ऑरेंज अलर्ट, तेज बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. अगले तीन घंटों के दौरान कई इलाकों में मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर 50 से 100 मिलीमीटर तक भारी बारिश की संभावना जताई गई. इस दौरान गरज-चमक के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में एयरपोर्ट यात्रियों को उड़ान की स्थिति जांचकर घर से निकलने की सलाह दी गई है.