दिल्ली में भीषण गर्मी रिकॉर्ड तोड़ने को तैयार, तापमान 36 डिग्री पार; IMD ने जारी किया हीटवेव का अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में मार्च के दूसरे सप्ताह में ही अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्य से काफी ऊपर है. आईएमडी के अनुसार, न्यूनतम तापमान भी 19 डिग्री के आसपास दर्ज हो रहा है.
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर के लोग अब मार्च से ही चिलचिलाती धूप और तेज गर्मी का सामना कर रहे हैं. जहां सामान्यतः इस समय तापमान 28-30 डिग्री के बीच रहता है, वहीं इस बार यह 36 डिग्री तक पहुंच चुका है. मौसम विभाग की चेतावनी है कि यह शुरुआत ही है, आने वाले महीनों में स्थिति और खराब हो सकती है.पिछले सालों की तुलना में इस बार सर्दी कमजोर रही और फरवरी के अंत से ही दिन का पारा तेजी से चढ़ने लगा. अब रातों में भी ठंडक नाममात्र की रह गई है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है.
गर्मी ने मारी एंट्री, तापमान में तेज उछाल
मार्च के शुरुआती दिनों से ही दिल्ली में धूप तेज हो गई है. आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, अधिकतम तापमान 34-36 डिग्री के बीच पहुंच रहा है, जो सामान्य से 5-7 डिग्री ज्यादा है. कई इलाकों में यह सीजन का सबसे गर्म दिन बन चुका है. लोग दोपहर में घर से निकलने से कतराते नजर आ रहे हैं.
रातें भी अब गर्म, न्यूनतम तापमान बढ़ा
न्यूनतम तापमान अब 18-19 डिग्री के आसपास पहुंच गया है, जो पहले के मुकाबले काफी ऊंचा है. इससे रात में भी राहत नहीं मिल रही. विशेषज्ञों का कहना है कि सर्दी का असर सीमित रहा, सिर्फ कुछ दिनों में शीतलहर जैसी स्थिति बनी. फरवरी के बाद से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है.
पिछले रिकॉर्ड्स पर संकट, गर्मी का कहर बढ़ेगा
इस साल फरवरी सबसे गर्म रहा और मार्च ने भी रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी कर ली है. आईएमडी का अनुमान है कि मार्च से मई तक हीटवेव के दिन सामान्य से ज्यादा रहेंगे. उत्तर भारत में कई जगहों पर तापमान 4-8 डिग्री ऊपर दर्ज हो रहा है. दिल्ली में यह ट्रेंड जारी रहा तो कई पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त हो सकते हैं.
अप्रैल-मई में और सताएगी लू, सावधानी जरूरी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अप्रैल और मई में मौसम का मिजाज और बदल सकता है. कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी, हल्की बारिश या ओले पड़ने की संभावना है, लेकिन कुल मिलाकर गर्मी ज्यादा रहेगी. दिल्ली-एनसीआर में लू चलने की आशंका है. लोगों को पानी ज्यादा पीने, धूप से बचने और हाइड्रेटेड रहने की सलाह दी जा रही है.
और पढ़ें
- AAP ने की 'फांसी घर' विवाद की कार्यवाही के लाइव प्रसारण की मांग , केजरीवाल की पेशी पर सवाल
- होली पर दिल्ली पुलिस ने की सख्त कार्रवाई, 1200 से ज्यादा ड्रंक ड्राइवर पकड़े; 3725 चालान काटे
- अरविंद केजरीवाल ने मनीष सिसोदिया के घर मनाई 'कट्टर ईमानदार' होली, BJP पर होली के दिन शराब की दुकानें खोलने पर साधा निशाना