दिल्ली में ‘Monday Metro’ की शुरुआत, CM रेखा गुप्ता समेत मंत्री-सांसद मेट्रो से पहुंचे दफ्तर

दिल्ली में पहले ‘मंडे मेट्रो’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मंत्री और सांसद मेट्रो से दफ्तर पहुंचे. पीएम मोदी की पब्लिक ट्रांसपोर्ट उपयोग बढ़ाने की अपील का मिला-जुला असर देखने को मिला.

Social Media
Dhiraj Kumar Dhillon

सोमवार को दिल्ली में पहला 'मंडे मेट्रो' मनाया गया. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा समेत कई मंत्री, विधायक और सांसद भी मेट्रो में सवारी करते देखे गए. कुल मिलाकर पीएम मोदी की मितव्ययता की अपील के बाद सीएम रेखा गुप्ता की ओर से सोमवार को मंडे मेट्रो का असर मिला-जुला ही रहा. हालांकि दिल्ली की सड़कों पर यातायात रोजाना की तरह ही दिखा, वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण कई स्थानों पर जाम लगने की खबरें भी आईं.

कपिल मिश्रा मेट्रो फीडर बस में हुए सवार

दिल्ली सरकार मंत्री कपिल मिश्रा ने एक वीडियो जारी कर बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम रेखा गुप्ता के आह्वान पर वह मेट्रो फीडर बस के जर‌िए दफ्तर पहुंचे. सांसद मनोज तिवारी ने भी पीएम मोदी की अपील पर अमल करते हुए सोमवार को मेट्रो से सफर किया. हालांकि यात्रियों को वीआईपी मूवमेंट और नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था के चलते कुछ देर के लिए परेशानी भी हुई.