आजादी-आजादी...दिल्ली की सड़कों पर क्यों उतरीं LSR कॉलेज की छात्राएं?
दक्षिण दिल्ली में नाबालिग से गैंगरेप के विरोध में लेडी श्री राम (LSR) कॉलेज की छात्राओं ने विरोध मार्च निकाला और पीड़ित लड़की को न्याय व दिल्ली में महिला सुरक्षा की मांग की.
दक्षिण दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ हुई गैंगरेप की दर्दनाक घटना के विरोध में लेडी श्री राम (LSR) कॉलेज की छात्राएं सड़कों पर उतर आई हैं. छात्राओं ने कॉलेज परिसर के पास एकजुटता मार्च (Solidarity March) निकाला और 'आजादी-आजादी' के नारे लगाते हुए महिलाओं की सुरक्षा की पुरजोर मांग की.
पीड़िता के प्रति जताया समर्थन
प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने पीड़िता के प्रति अपनी सहानुभूति और समर्थन व्यक्त किया. एक छात्रा ने कहा कि यह मार्च केवल इस एक पीड़िता के लिए नहीं, बल्कि राजधानी और पूरे देश की उन सभी लड़कियों के समर्थन में है जो इस तरह की भयानक घटनाओं का शिकार हुई हैं. छात्राओं ने मांग की कि प्रशासन महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए कड़े कदम उठाए.
Also Read
ऑनलाइन शिफ्ट हुई थीं क्लासेस
वारदात के बाद सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए लेडी श्री राम कॉलेज प्रशासन ने बुधवार के लिए नियमित क्लासेस को ऑनलाइन मोड में शिफ्ट कर दिया था. कॉलेज की प्राचार्या कनिका के. आहूजा ने स्पष्ट किया कि छात्राओं की सुरक्षा और उनका कल्याण कॉलेज के लिए सबसे ऊपर है. काउंसलर्स और फैकल्टी मेंबर्स को छात्राओं की मदद के लिए अलर्ट रखा गया था.
कल से फिर शुरू होंगी ऑफलाइन क्लासेस
प्राचार्या ने बताया कि छात्राओं और फैकल्टी मेंबर्स के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं और स्थिति को देखते हुए कल से दोबारा ऑफलाइन क्लासेस सामान्य रूप से शुरू कर दी जाएंगी. वहीं दूसरी ओर, दिल्ली में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर छात्रों और आम लोगों में गहरा रोष देखने को मिल रहा है.