menu-icon
India Daily

दिल्ली में मार्च में 20% ज्यादा बारिश, फिर भी चल रही है 'लू'! दिन-रात गर्मी का कहर, जानें आज का अपडेट

दिल्ली में मार्च में 20 प्रतिशत ज्यादा बारिश के बावजूद तापमान सामान्य से दो डिग्री ऊपर रहा. दिन-रात गर्मी का असर जारी है. आज तेज हवा के साथ हल्की बारिश संभव है. येलो अलर्ट जारी.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
दिल्ली में मार्च में 20% ज्यादा बारिश, फिर भी चल रही है 'लू'! दिन-रात गर्मी का कहर, जानें आज का अपडेट
Courtesy: grok

दिल्ली में मार्च के आखिरी दिनों में भी गर्मी का कहर जारी है. बारिश होने के बावजूद दिन-रात का तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार फरवरी के बाद मार्च भी औसत से गर्म रहा है. 20 प्रतिशत ज्यादा बारिश के बावजूद 'लू' जैसे हालात बन गए हैं.

मार्च में गर्मी का अनोखा मिजाज

दिल्ली का मौसम इन दिनों अजीब व्यवहार कर रहा है. फरवरी के बाद मार्च का महीना भी सामान्य से करीब दो डिग्री ज्यादा गर्म रहा. खास बात यह है कि रात का तापमान पिछले चार सालों में सबसे ऊंचा दर्ज किया गया. पहला पखवाड़ा तो खासा गर्म रहा, जहां कई दिनों में तापमान तीन से आठ डिग्री तक ज्यादा रहा. 11 मार्च को अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री तक पहुंच गया था. 

बारिश के बावजूद तापमान ऊंचा

दिल्ली में अब तक मार्च में सामान्य से 20 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो चुकी है. औसतन 16.2 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन 19.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है. इसके बावजूद औसत अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से सवा दो डिग्री ज्यादा है. न्यूनतम तापमान भी 17.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से सवा दो डिग्री अधिक है. 2022 के बाद इस बार मार्च की रातें सबसे गर्म साबित हुई हैं.

आज बदलाव के आसार, येलो अलर्ट

सोमवार को दिल्ली में मौसम का रुख बदल सकता है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. आज अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम 20 से 22 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. सफदरजंग में रविवार को अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री दर्ज किया गया.

हवा साफ, लेकिन गर्मी का दबाव

पश्चिमी विक्षोभ की वजह से दिल्ली की हवा लगातार साफ बनी हुई है. रविवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 198 रहा, जो मध्यम श्रेणी में आता है. अगले दो दिनों तक यह स्तर बना रहने की उम्मीद है. हालांकि तेज धूप और ऊंचा तापमान गर्मी का एहसास करा रहा है. दूसरे पखवाड़े में आए पश्चिमी विक्षोभों ने कुछ राहत दी, लेकिन पूरी तरह गर्मी से छुटकारा नहीं मिला.