menu-icon
India Daily

दिल्ली विधानसभा को 24 घंटे में दूसरी बार मिली बम से उड़ाने की धमकी, सर्च ऑपरेशन जारी

दिल्ली विधानसभा को 24 घंटों के अंदर दूसरी बार बम से उड़ाने की धमकी मिली है. बता दें कि मंगलवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बजट भाषण से कुछ ही घंटे पहले विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी.

Shilpa Shrivastava
दिल्ली विधानसभा को 24 घंटे में दूसरी बार मिली बम से उड़ाने की धमकी, सर्च ऑपरेशन जारी
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा को 24 घंटों के अंदर दूसरी बार बम से उड़ाने की धमकी मिली है. बता दें कि मंगलवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बजट भाषण से कुछ ही घंटे पहले विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. वहीं, आज फिर से ये धमकी मिली है. विधानसभा अध्यक्ष की आधिकारिक ईमेल आईडी पर आज भी धमकी भरे ईमेल आए हैं, जिसमें दावा किया गया है कि विधानसभा के मौजूदा सत्र के दौरान परिसर में बम लगाए गए हैं. विधानसभा परिसर को चेक किया जा रहा है. 

मंगलवार की बात करें तो इस दिन भी सुबह के समय विधानसभा को दो धमकी भरे ईमेल मिले थे. इस दौरान भी परिसर को चेक किया गया, लेकिन कुछ नहीं मिला. फिर आज फिर से दो ईमेल आए. पहला ईमेल सुबह 7:28 बजे विधानसभा को भेजा गया था. फिर दूसरा ईमेल सुबह 7:49 बजे स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को भेजा गया था. इन धमकियों के चलते सुरक्षा की एक बड़ी ड्रिल की गई. 

सुरक्षा एजेंसियों ने विधानसभा परिसर के अंदर ली तलाशी:

इस नई धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विधानसभा परिसर के अंदर और आसपास के क्षेत्र को अच्छे से चेक किया. अधिकारियों ने बताया कि बम निरोधक दस्तों, डॉग स्क्वॉड और लोकल पुलिस टीमों ने किसी भी विस्फोटक सामान की मौजूदगी नहीं मिली. साथ ही किसी भी तरह की आशंका को खत्म करने के लिए एंटी-सैबोटाज जांच अभियान चलाए.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हर धमकी को गंभीरता से लिया जडा रहा है. विधानसभा परिसर को अच्छे से जांचा जा रहा है. उन्होंने आगे कहा कि परिसर में एक्सेस कंट्रोल के उपायों को और भी सख्त कर दिया गया है. साइबर कंट्रोल और सुरक्षा एजेंसियों ने ईमेल के सोर्स का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए तकनीकी निगरानी का इस्तेमाल किया जा रहा है.