menu-icon
India Daily

दिल्ली में बारिश ने तोड़ा 18 सालों का रिकॉर्ड, अप्रैल में जमकर बरसे बादल; IMD ने बताया कैसा रहेगा मई

दिल्ली में इस साल अप्रैल ने 2008 के बाद सबसे ज्यादा बारिश का रिकॉर्ड बनाया है. पूरे महीने में 29.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से कहीं ज्यादा है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
दिल्ली में बारिश ने तोड़ा 18 सालों का रिकॉर्ड, अप्रैल में जमकर बरसे बादल; IMD ने बताया कैसा रहेगा मई
Courtesy: ANI

नई दिल्ली: दिल्ली और आसपास के इलाकों में अप्रैल का महीना इस बार मौसम की दोहरी मार वाला रहा. एक तरफ रिकॉर्ड बारिश ने लोगों को हैरान किया तो दूसरी तरफ तपती गर्मी ने भी परेशान किया. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक यह अप्रैल पिछले 18 सालों में सबसे गीला साबित हुआ. अब मई शुरू होते ही मौसम फिर करवट लेने वाला है. 1 मई को थोड़ी राहत मिल सकती है लेकिन 2 मई से एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पूरे उत्तर भारत में फिर बारिश और आंधी का दौर शुरू हो जाएगा.

रिकॉर्ड बारिश वाला अप्रैल

दिल्ली में अप्रैल 2026 ने 2008 के बाद सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की. सफदरजंग स्टेशन पर इस महीने कुल 29.7 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश सिर्फ 16.7 मिलीमीटर रहती है. इससे पहले 2008 में 38.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई थी. इस बार महीने के पहले हिस्से में अच्छी बारिश हुई, जिससे तापमान भी सामान्य से नीचे रहा.

गर्मी का भी जोरदार हमला

अप्रैल के दूसरे हफ्ते से मौसम ने करवट ली और गर्मी बढ़ने लगी. कई दिनों तक तापमान 40 डिग्री के पार रहा. 25 अप्रैल को दिल्ली का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इससे लोगों को दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ा -कभी बारिश तो कभी तेज गर्मी.

मई में फिर सक्रिय होगा विक्षोभ

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 1 मई को बारिश का सिस्टम थोड़ा कमजोर पड़ सकता है और दिन में हल्का ब्रेक मिलेगा. लेकिन 2 मई से एक नया और ज्यादा ताकतवर पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है. इससे दिल्ली एनसीआर समेत आसपास के राज्यों में फिर से आंधी बारिश की गतिविधियां तेज हो जाएंगी.

4 से 6 मई को चरम पर पहुंचेगी बारिश

अनुमान है कि 4 से 6 मई के बीच दिल्ली में प्री मानसून की गतिविधियां सबसे ज्यादा सक्रिय रहेंगी. इस दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश, गरज चमक और कहीं कहीं ओले भी पड़ सकते हैं. लोगों को बिजली गिरने की घटनाओं से सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

देशभर में कैसा रहेगा मौसम

देश के अन्य हिस्सों में भी मौसम का मिजाज बदलता नजर आएगा. उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में आज हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश के आसार हैं. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और राजस्थान में भी हल्की बारिश की संभावना है.