IGI एयरपोर्ट पर यात्री से 94 लाख की Patek Philippe घड़ी जब्त, आखिर क्यों गिरफ्तार हुआ शख्स?

दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर दुबई से आए यात्री के पास से 94 लाख रुपये की लग्जरी घड़ी जब्त की गई है. कस्टम अधिकारियों ने यात्री को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है.

X
Sagar Bhardwaj

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने 94 लाख रुपये कीमत की स्विस लग्जरी घड़ी जब्त की है. यह घड़ी दुबई से आए एक भारतीय यात्री के पास मिली. अधिकारियों ने यात्री को गिरफ्तार कर लिया है. जब्त की गई घड़ी Patek Philippe Aquanaut ब्रांड की है और इसे पहले इस्तेमाल किया जा चुका था.

खुफिया जानकारी के आधार पर हुई कार्रवाई

दिल्ली कस्टम्स (एयरपोर्ट एंड जनरल) के मुताबिक, 11 नवंबर को स्पाइसजेट की फ्लाइट SG5106 से दुबई से आए यात्री को अधिकारियों ने टर्मिनल-3 पर रोका था. खुफिया जानकारी मिलने के बाद यात्री को ग्रीन चैनल पर एक्स-रे जांच के लिए भेजा गया. इसके बाद उसकी और उसके सामान की तलाशी ली गई. जांच के दौरान डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) में अलर्ट मिला. इसके बाद अधिकारियों ने तलाशी तेज की, जिसमें Patek Philippe Aquanaut घड़ी बरामद हुई. एक चार्टर्ड इंजीनियर ने घड़ी की जांच कर उसे असली बताया और उसकी कीमत 94 लाख रुपये आंकी.

कस्टम एक्ट के तहत यात्री गिरफ्तार

कस्टम अधिकारियों ने कस्टम एक्ट, 1962 की धारा 110 के तहत घड़ी जब्त कर ली. वहीं, यात्री को इसी कानून की धारा 104 के तहत गिरफ्तार किया गया है. मामले में आगे की जांच जारी है. दिल्ली कस्टम्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर 17 नवंबर को इस कार्रवाई की जानकारी दी. साथ ही अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को सलाह दी कि वे अपने साथ लाए जाने वाले शुल्क योग्य सामान की जानकारी कस्टम विभाग को जरूर दें. जरूरत पड़ने पर ग्रीन चैनल के बजाय रेड चैनल का इस्तेमाल करें.


ग्रीन और रेड चैनल में क्या है अंतर?

अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए कस्टम क्लीयरेंस के दो रास्ते होते हैं. ग्रीन चैनल का इस्तेमाल वे यात्री करते हैं, जिनके पास घोषित करने के लिए कोई शुल्क योग्य सामान नहीं होता. वहीं, रेड चैनल उन यात्रियों के लिए है, जिन्हें अपने साथ लाए गए शुल्क योग्य सामान की जानकारी कस्टम अधिकारियों को देनी होती है.

पुरानी घड़ी होने पर भी क्यों लग सकता है कस्टम शुल्क?

किसी महंगी घड़ी या दूसरे सामान का पहले इस्तेमाल किया हुआ होना उसे अपने आप कस्टम ड्यूटी से छूट नहीं दिलाता. यह देखना जरूरी होता है कि वह यात्री के निजी इस्तेमाल का सामान है या ऐसा आयातित सामान जिस पर शुल्क देना अनिवार्य है. भारत के बैगेज रूल्स, 2026 के तहत पात्र भारतीय निवासियों और भारतीय मूल के पर्यटकों को हवाई मार्ग से भारत आने पर 75,000 रुपये तक की सामान्य शुल्क-मुक्त सीमा मिलती है. इसके अलावा यात्रा के दौरान रोजमर्रा की जरूरतों के लिए इस्तेमाल होने वाले निजी सामान को अलग प्रावधानों के तहत छूट मिल सकती है. हालांकि, हर महंगी वस्तु इस छूट के दायरे में नहीं आती. जिन सामानों पर कस्टम ड्यूटी लागू होती है, उन्हें घोषित करना जरूरी है. ऐसे यात्रियों को रेड चैनल से गुजरना चाहिए.

क्या सिर्फ कीमत के आधार पर जब्त हुई घड़ी?

इस मामले में घड़ी की कीमत 94 लाख रुपये आंकी गई है, जो 75,000 रुपये की सामान्य शुल्क-मुक्त सीमा से 125 गुना से भी अधिक है. हालांकि, कस्टम अधिकारियों ने सार्वजनिक रूप से यह स्पष्ट नहीं किया है कि यात्री ने घड़ी के बारे में कोई घोषणा की थी या नहीं. साथ ही, घड़ी किन परिस्थितियों में लाई गई थी और किस विशेष उल्लंघन के आधार पर कार्रवाई हुई, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आई है. इसलिए केवल घड़ी की कीमत को ही कस्टम कानून के उल्लंघन का प्रमाण नहीं माना जा सकता. मामले में जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.