2 साल से नहीं नहाए थे, लगभग मौत के करीब थे....एक्टर शरद कपूर को लेकर उनकी दोस्त ने किए चौंकाने वाले खुलासे

अभिनेता शरद कपूर की बदहाल जिंदगी को लेकर उनकी दोस्त हेमा चौधरी ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उन्होंने बताया कि अभिनेता को लंबे समय से मदद और देखभाल की जरूरत थी.

X
Sagar Bhardwaj

अभिनेता शरद कपूर की सेहत और आर्थिक परेशानियों को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा के बीच उनकी दोस्त हेमा चौधरी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उन्होंने बताया कि इस महीने जब पहली बार वह अभिनेता से मिलने पहुंचीं तो उनकी हालत बेहद खराब थी. हेमा ने एक पॉडकास्ट में बताया कि शरद की स्थिति देखकर वह काफी परेशान हो गई थीं. इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए फिल्म इंडस्ट्री और आम लोगों से अभिनेता की मदद करने की अपील की.

हेमा चौधरी बेजुबान ट्रस्ट नाम से एक डॉग शेल्टर चलाती हैं. उन्होंने बताया कि कुछ कुत्तों को बचाने के सिलसिले में उनकी मुलाकात शरद कपूर से हुई थी. इसके बाद वह उनके कमरे तक पहुंचीं, जहां अभिनेता की रहने की स्थिति देखकर उन्हें काफी झटका लगा.

दो साल से नहीं नहाए थे अभिनेता?

बॉलीवुड कट अनकट पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान हेमा ने दावा किया कि शरद कपूर ने करीब दो साल से न तो स्नान किया था और न ही बिस्तर से बाहर निकले थे. उन्होंने कहा कि अभिनेता की देखभाल करने वाला कोई नहीं था और उनकी बुनियादी जरूरतों का भी ध्यान नहीं रखा जा रहा था.


हेमा के मुताबिक, शरद की हालत इतनी गंभीर थी कि उन्हें लगा कि वह लगभग मौत के करीब पहुंच चुके थे. उन्होंने कहा कि आसपास के कुछ लोग भी उनकी स्थिति को लेकर संवेदनशील नहीं थे. हेमा ने दावा किया कि अगर समय रहते उन्हें मदद नहीं मिलती तो उनकी हालत और बिगड़ सकती थी.

परिवार से मदद मांगने की कोशिश भी की

हेमा ने बताया कि उन्होंने शरद के परिवार से संपर्क करने की भी कोशिश की थी, लेकिन उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला. उन्होंने अभिनेता के भाई से बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि जब उन्होंने दोबारा फोन कर शरद की मदद करने की अपील की तो उनकी ओर से कोई जवाब नहीं आया. हेमा ने कहा कि उन्होंने अभिनेता के भाई से साफ कहा था कि शरद को परिवार की जरूरत है. हालांकि, उनके मुताबिक इसके बाद भी उन्हें कोई फोन नहीं आया. उन्होंने यह भी आशंका जताई कि परिवार में संपत्ति या किसी अन्य वजह से विवाद हो सकता है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं की.

कोयल बसु से सगाई की थी, लेकिन शादी नहीं हुई

बातचीत के दौरान शरद कपूर की निजी जिंदगी पर भी चर्चा हुई. हेमा ने बताया कि अभिनेता की सगाई पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु की पोती कोयल बसु से हुई थी, लेकिन दोनों की शादी नहीं हुई. उन्होंने यह भी दावा किया कि शरद फिलहाल किसी रिश्ते में हैं, लेकिन उनकी साथी उनकी देखभाल करने की स्थिति में नहीं हैं. अभिनेता के बच्चे होने की चर्चाओं पर हेमा ने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी सार्वजनिक करने की अनुमति नहीं मिली है. शरद ने उनसे कहा था कि वह सही समय आने पर अपनी निजी जिंदगी के बारे में खुद बताएंगे.

करियर से पहले सेहत पर ध्यान देने की जरूरत

हेमा ने शरद की मौजूदा मानसिक स्थिति को लेकर भी चिंता जताई. उनका मानना है कि फिलहाल अभिनेता को अपने करियर से जुड़े फैसले लेने के बजाय पहले अपनी सेहत और जीवन को संभालने की जरूरत है. उन्होंने शरद के हॉलीवुड प्रोजेक्ट साइन करने के दावे का जिक्र करते हुए कहा कि किसी भी फिल्म या प्रोजेक्ट के बारे में सोचने से पहले उन्हें अपनी मौजूदा परिस्थितियों से उबरना चाहिए. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह शरद को झूठा नहीं मानतीं और उनका मानना है कि अभिनेता को सबसे पहले मदद की जरूरत है.

शरद ने सोशल मीडिया पर जताई थी नाराजगी

इससे पहले शरद कपूर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर कुछ लोगों के व्यवहार पर नाराजगी जताई थी. उन्होंने कहा था कि कुछ लोग वीडियो और रील बनाने के लिए उनके हाथ में पैसे देते हैं और फिर वापस ले लेते हैं. अभिनेता के मुताबिक, सोशल मीडिया पर उनकी स्थिति को लेकर कई भ्रामक चीजें दिखाई जा रही हैं और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि कौन क्या कर रहा है.

सोनू सूद से लेकर अमिताभ बच्चन तक आए मदद के लिए आगे

शरद कपूर की स्थिति सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों ने उनकी मदद के लिए हाथ बढ़ाया है. इनमें सोनू सूद, सलमान खान और अमिताभ बच्चन जैसे सितारों के नाम शामिल हैं.

टीवी और फिल्मों में बना चुके हैं पहचान

शरद कपूर ने टेलीविजन और फिल्मों दोनों में काम किया है. उन्होंने 1995 के लोकप्रिय टीवी शो 'स्वाभिमान' से पहचान बनाई. इसके बाद वह 'दस्तक' (1996) और 'जोश' (2000) जैसी फिल्मों में नजर आए. उन्होंने 'LOC कारगिल', 'लक्ष्य', 'वांटेड' और 'जय हो' जैसी फिल्मों में भी काम किया. महेश भट्ट, मंसूर खान, जेपी दत्ता, फरहान अख्तर, प्रभु देवा और सोहेल खान जैसे निर्देशकों के साथ भी उन्होंने काम किया है. उनकी आखिरी स्क्रीन अपीयरेंस 2019 में रिलीज हुई रोमांटिक थ्रिलर फिल्म 'कैबरे' में थी, जिसे ZEE5 पर रिलीज किया गया था.