menu-icon
India Daily

दिल्ली में 25% की छूट के साथ अपने सपनों का घर खरीदने का मौका, यहां पढ़ें पूरी डिटेल

पिछली योजना को लोगों का इतना शानदार रिस्पांस मिला कि डीडीए ने मांग को देखते हुए इन नए फ्लैटों को भी शामिल कर लिया.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
दिल्ली में 25% की छूट के साथ अपने सपनों का घर खरीदने का मौका, यहां पढ़ें पूरी डिटेल
Courtesy: X

दिल्ली में घर खरीदने का सपना देखने वालों के लिए एक बेहतरीन खबर है. दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए नरेला में 'कर्मयोगी आवास योजना-2025' का दूसरा चरण शुरू करने जा रहा है. इस बार योजना में 1522 नए फ्लैट शामिल किए गए हैं. अगर आप भी यहां घर लेना चाहते हैं तो 1 जून को दोपहर 12 बजे अपने लैपटॉप या मोबाइल के साथ तैयार हो जाइए क्योंकि इन फ्लैटों की बुकिंग 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर शुरू होने वाली है.

25 प्रतिशत की छूट पर घर खरीदने का मौका

ये सभी चमचमाते नए फ्लैट नरेला के सेक्टर A1-A4 के पॉकेट-13 में बने हैं. डीडीए इन्हें पॉकेट-6 और पॉकेट-9 के बचे हुए फ्लैटों के साथ बाजार में उतार रहा है. दरअसल, पिछली योजना को लोगों का इतना शानदार रिस्पांस मिला कि डीडीए ने मांग को देखते हुए इन नए फ्लैटों को भी शामिल कर लिया. सबसे अच्छी बात यह है कि इस बार भी खरीदारों को पूरे 25 प्रतिशत की विशेष छूट मिल रही है.

फ्लैटों के साथ पार्किंग की सुविधा भी

इस योजना की एक और बड़ी खासियत यह है कि सभी फ्लैटों के साथ पार्किंग की सुविधा दी जा रही है. फ्लैट के साइज के हिसाब से पार्किंग का स्पेस तय किया गया है जैसे 1 BHK के लिए 5.76 वर्गमीटर, 2 BHK के लिए 11.52 वर्गमीटर और 3 BHK के लिए 23.04 वर्गमीटर का पार्किंग एरिया मिलेगा. हालांकि, एक बात यहां ध्यान देने वाली है कि 12 महीने का मेंटेनेंस चार्ज (जिस पर कोई GST नहीं लगेगा), फ्रीहोल्ड चार्ज और पानी के कनेक्शन का खर्च आपको अलॉटमेंट लेटर मिलने के समय अलग से देना होगा.

क्या है फ्लैट की बुकिंग प्रोसेस

 फ्लैट बुक कराने की प्रक्रिया बेहद आसान है. इच्छुक खरीदारों को डीडीए के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और बुकिंग करनी होगी. अगर आपने डीडीए की किसी पुरानी 'पहले आओ पहले पाओ' स्कीम में पहले से रजिस्ट्रेशन करा रखा है तो आपको दोबारा पैसे खर्च करके रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं है. बाकी सभी नियम और पात्रता पुरानी स्कीम के ब्रोशर जैसे ही रहेंगे.

25% छूट के बाद फ्लैटों की कीमत

1 BHK (424 फ्लैट): कीमत करीब 33 लाख रुपये है और सालभर का मेंटेनेंस चार्ज लगभग 11 हजार रुपये आएगा.

2 BHK (776 फ्लैट): कीमत करीब 75.55 लाख से 83.92 लाख रुपये के बीच है और सालभर का मेंटेनेंस चार्ज लगभग 32 से 36 हजार रुपये होगा.

3 BHK (352 फ्लैट): कीमत करीब 1.06 करोड़ से 1.19 करोड़ रुपये तक है और सालभर का मेंटेनेंस चार्ज लगभग 53 से 59 हजार रुपये के आसपास रहेगा.