नई दिल्ली: एसआईआर के खिलाफ रविवार 14 दिसंबर को रामलीला मैदान में कांग्रेस की एक बड़ी रैली का आयोजन होना है. इस रैली में कांग्रेस कथित तौर पर "वोट चोरी" के खिलाफ अपने अभियान को तेज करेगी.
जिसमें सरकार और चुनाव आयोग (ईसी) को "चुनावों में हेरफेर करने के लिए मिलीभगत" के लिए जवाबदेह ठहराने की मांग की जाएगी. इस रैली में विभिन्न राज्यों के पार्टी कार्यकर्ता भी शामिल होंगे. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इस सभा को संबोधित करेंगे.
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव भी इस रैली का हिस्सा होंगे. उन्होंने कहा कि भाजपा और चुनाव आयोग की साठगांठ से मतदाता सूची में गड़बड़ी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हमें भाजपा के खिलाफ एकजुट होना होगा। बता दें कार्यक्रम स्थल पर जाने से पहले पार्टी नेता कांग्रेस मुख्यालय, इंदिरा भवन में इकठ्ठा होंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खर्गे और पूर्व पार्टी प्रमुख राहुल गांधी सहित सभी शीर्ष नेतृत्व सभा को संबोधित कर सकते हैं. प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश और सचिन पायलट सहित वरिष्ठ नेता इसमें शामिल होंगे. इसके साथ ही पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी सभा में उपस्थित रह सकती हैं.
14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस पार्टी 'वोट चोरी' के खिलाफ विशाल रैली का आयोजन कर रही है।
— Congress (@INCIndia) December 13, 2025
'वोट चोर - गद्दी छोड़' रैली इसलिए की जा रही है, क्योंकि चुनाव आयोग कई साल से निष्पक्षता के साथ काम नहीं कर रहा है।
मेरी अपील है कि इस 'वोट चोरी' को रोकने के लिए आप सब… pic.twitter.com/FdH3I6ALfE
देवेंद्र यादव ने आगे कहा कि 'वोट चोर, गद्दी छोड़' रैली को सफल बनाने के लिए प्रत्येक बूथ से दिल्ली कांग्रेस के कार्यकर्ता भाग लेंगे।
इस रैली के लिए सभी इंतजाम कर लिए गए हैं और अलग-अलग राज्यों से आने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए सुबह के नाश्ते के साथ पानी और चाय का भी इंतजाम किया गया है।