दिल्ली में 5 सितंबर को BRICS रिहर्सल के चलते 22 जगहों पर डायवर्जन, इन रास्तों से बचकर निकलें
दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन की तैयारियों के तहत 5 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मोटरकेड रिहर्सल होगी. ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख सड़कों पर डायवर्जन लागू करने की जानकारी दी है.
BRICS सम्मेलन से पहले दिल्ली में वीआईपी मूवमेंट की तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी कड़ी में 5 सितंबर को मोटरकेड रिहर्सल के दौरान राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रित किया जाएगा. पुलिस ने लोगों से यात्रा की योजना पहले बनाने, अतिरिक्त समय लेकर निकलने और संभव हो तो मेट्रो का इस्तेमाल करने की अपील की है.
5 सितंबर को इन रास्तों पर रहेगा असर
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 5 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक रिहर्सल के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बदली रहेगी. प्रभावित सड़कों में सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग, सत्य मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग और अफ्रीका एवेन्यू रोड शामिल हैं. शांति पथ समेत कई अन्य सड़कों पर भी ट्रैफिक नियंत्रण किया जाएगा.
जनपथ से बाराखंभा रोड तक कई रूट प्रभावित
पुलिस ने बताया कि जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्सटॉय मार्ग, रंजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग और एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर भी यातायात नियमों में बदलाव हो सकता है. इसके अलावा प्रेस एन्क्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जोसेफ ब्रोज टीटो मार्ग और लाला लाजपत राय मार्ग भी प्रभावित रूट की सूची में हैं. इन रास्तों से गुजरने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है.
Also Read
22 जगहों से ट्रैफिक डायवर्ट होगा
राजधानी में कुल 22 डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं. इनमें डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मीर दर्द चौक, कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल और जनपथ जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं. इसके अलावा पटेल चौक, धौला कुआं, आरएमएल अस्पताल राउंडअबाउट, वंदे मातरम मार्ग, मोती बाग फ्लाईओवर और ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग राउंडअबाउट से भी वाहनों को वैकल्पिक रास्तों पर भेजा जाएगा.
10 से 14 सितंबर तक भी बढ़ सकती है परेशानी
BRICS सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में आयोजित होना है. विदेशी प्रतिनिधियों के आगमन के चलते 10 सितंबर से ही मध्य, दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में यातायात प्रभावित होने की संभावना है. यह व्यवस्था करीब 14 सितंबर तक जारी रह सकती है. ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से अतिरिक्त समय लेकर निकलने, सार्वजनिक परिवहन खासकर मेट्रो को प्राथमिकता देने और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा है. आपातकालीन और जरूरी सेवाओं वाले वाहनों को प्राथमिकता से रास्ता दिया जाएगा.