'पापा, बस आधा घंटे में पहुंच रहे हैं…' मैच खत्म हुआ, लेकिन घर नहीं पहुंचे दो भाई; सड़क दुर्घटना में मौत
IPL मैच देखकर लौट रहे दो भाइयों ने सड़क दुर्घटना में दम तोड़ दिया. पुलिस के अनुसार दोनों चचेरे भाई थे, जोकि दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मैच देखकर वापस आ रहे थे. हादसा सोमवार करीब 10:30 बजे हुआ था.
नई दिल्ली: दिल्ली की सड़कों पर एक ही रात में हुए एक हादसे ने शहर को एक बार फिर से गहरे सदमे में डाल दिया. आईपीएल मैच देखकर लौट रहे दो भाइयों ने सड़क दुर्घटना में दम तोड़ दिया. ये घटनाएं एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही के खतरनाक नतीजों को सामने लाती हैं. पुलिस के अनुसार दोनों चचेरे भाई थे, जोकि दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मैच देखकर वापस आ रहे थे. हादसा सोमवार करीब 10:30 बजे हुआ था.
सड़क हादसे ने ली दो भाईयों की जान
ये हादसा सोमवार रात करीब 10:30 बजे अशोक नगर रोड पर पीएनबी कॉम्प्लेक्स के सामने महादेव रोड टी-पॉइंट पर हुआ था. बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल और एक माल ढोने वाली गाड़ी के बीच जोरदार टक्कर हुई थी.
जब दोनों चचेरे भाई यज्ञ भाटिया (20) और अभाव भाटिया (14) मैच देखकर घर लौट रहे थे. उसी दौरान अभाव अपने पिता से फोन पर बात कर रहा था और जल्द घर पहुंचने की बात कह रहा था. वह उसकी आखिरी कॉल थी. उसने पिता को कहा कि, 'पापा, हम बस आधे घंटे में घर पहुंच जाएंगे." किसे पता था कि पिता इसके बाद अपने बेटे की आवाज कभी सुन ही नहीं पाएंगे.
हिट-एंड-रन की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में यह मामला हिट-एंड-रन का लग रहा है. जब पुलिस मौक-ए-वारदात पर पहुंची तो दोनों लड़के सड़क पर बेहोश हालत में मिले, उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. हिट-एंड-रन केस की आशंका होने के कारण पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फोरेंसिक जांच भी करावाई जा रही है. बता दें दोनों बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भेज दिया गया है.
पुलिस की कार्यवाही
अब पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरु हो चुकी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे के पीछे कौन जिम्मेदार था और वाहन कौन चला रहा था.
और पढ़ें
- हीटवेव जैसे हालात के बीच दिल्ली पर मेहरबान होगा मौसम, आज बारिश से राहत मिलने की उम्मीद; जानें क्या है वेदर अपडेट
- दिल्ली-एनसीआर में भीषण आंधी तूफान, लोगों को गर्मी से मिली राहत, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
- भीषण गर्मी के बीच दिल्ली में काम करने वाले मजदूरों के लिए राहत भरी खबर, सीएम रेखा गुप्ता ने दिए ये निर्देश