नई दिल्ली: कहते हैं कि मौत के सामने सब कुछ खत्म हो जाता है लेकिन दिल्ली में हुए एक दर्दनाक हादसे ने साबित कर दिया कि इंसान की सांसें भले ही थम जाएं मगर उसका सच्चा प्यार हमेशा अमर रहता है. दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में एक होटल में लगी भीषण आग ने कई हंसते-खेलते परिवारों को हमेशा के लिए उजाड़ दिया. इस भयानक हादसे में जान गंवाने वालों में एक अफ्रीकी मूल का कपल भी शामिल था जिनकी लाशें जिस हाल में मिलीं उसे देखकर वहां मौजूद हर इंसान की आंखें नम हो गईं. वे दोनों आखिरी सांस तक एक-दूसरे को गले लगाए हुए थे.
यह दिल दहला देने वाली घटना हौज रानी के 'फ्लरिश स्टे बीएंडबी' होटल में बुधवार को हुई थी. जानकारी के मुताबिक यह अफ्रीकी कपल आईवीएफ ट्रीटमेंट के जरिए माता-पिता बनने का सपना लेकर दिल्ली आया था. वे इलाज के लिए पास के ही एक अस्पताल में जा रहे थे और इसी होटल में ठहरे हुए थे.
रेस्क्यू वर्कर्स ने बताया कि जब वे होटल के अंदर पहुंचे तो ग्राउंड फ्लोर के एक बाथरूम में इस कपल की लाशें मिलीं. शायद वे धुएं और लपटों से बचने के लिए वहां छिपे थे. रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद करने वाले एक अस्पताल कर्मी ने बताया कि वह मंजर कभी न भूलने वाला था. पत्नी टॉयलेट सीट पर बैठी थी और पति पास ही एक कुर्सी पर बैठा था. दोनों ने मरते दम तक एक-दूसरे को बांहों में भरा हुआ था और पत्नी का सिर उसके पति के कंधे पर टिका था. अपनी औलाद की चाहत में आए इस जोड़े की यह दास्तान अब इस त्रासदी के बीच बेपनाह मोहब्बत की मिसाल बन गई है.
दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए होटल के मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है और कोर्ट ने उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. वहीं होटल का मैनेजर फिलहाल फरार है जिसकी तलाश की जा रही है.
जांच में होटल की कई बड़ी और गंभीर लापरवाहियां सामने आई हैं. पुलिस के अनुसार होटल को सिर्फ 6 कमरे चलाने की मंजूरी मिली थी लेकिन वहां नियमों की धज्जियां उड़ाकर करीब 25 कमरे चलाए जा रहे थे. इतना ही नहीं छत पर जाने वाला इमरजेंसी रास्ता भी बंद था जिससे लोग भाग नहीं पाए. कमरों के अंदर कुकिंग हीटर का इस्तेमाल हो रहा था. इस हादसे ने एक बार फिर शहर में फायर सेफ्टी के नियमों और उनके पालन पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.