menu-icon
India Daily

छत्तीसगढ़ में दो बड़े हादसे, मिट्टी में दबे मजदूर तो सिलेंडर ब्लास्ट ने खत्म कर दिया पूरा परिवार

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सीवरेज पाइपलाइन के लिए खोदे गए गड्ढे में मिट्टी धंसने से 3 मजदूरों की मौत हो गई. वहीं दुर्ग जिले के कुम्हारी इलाके में शॉर्ट सर्किट के बाद हुए सिलेंडर ब्लास्ट में एक ही परिवार के चार लोगों की जान चली गई.

babli
Edited By: Babli Rautela
छत्तीसगढ़ में दो बड़े हादसे, मिट्टी में दबे मजदूर तो सिलेंडर ब्लास्ट ने खत्म कर दिया पूरा परिवार
Courtesy: AI

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. दल्ली राजहरा इलाके में सीवरेज पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा था. जानकारी के मुताबिक मजदूर करीब 10 फुट गहरे गड्ढे में उतरकर काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक मिट्टी धंस गई और तीनों मजदूर उसके नीचे दब गए. घटना इतनी अचानक हुई कि मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. पुलिस अधिकारियों के अनुसार तीनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई.

सीवरेज पाइपलाइन का चल रहा था काम

यह हादसा उस समय हुआ जब भिलाई इस्पात संयंत्र की कॉलोनी में नई सीवरेज पाइपलाइन बिछाने का काम किया जा रहा था. वहां मौजूग लोगों का कहना है कि गड्ढा काफी गहरा था और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं दिख रहे थे. हादसे के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सुरक्षा नियमों में कहीं लापरवाही तो नहीं हुई.

दुर्ग में सिलेंडर ब्लास्ट ने खत्म किया पूरा परिवार

दूसरी दुखद घटना दुर्ग जिले के कुम्हारी इलाके से सामने आई. यहां एक घर में अचानक आग लग गई. शुरुआती जांच में पता चला है कि बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट हुआ था. आग तेजी से फैली और कुछ ही देर बाद घर में रखा गैस सिलेंडर फट गया. सिलेंडर ब्लास्ट इतना तेज था कि घर में मौजूद परिवार को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया. इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान अनिल वैष्णव, चांदनी वैष्णव, लक्ष्मी और डेढ़ साल की मासूम गोपिका के रूप में हुई है. परिवार के लोग घर के अंदर ही फंस गए थे. स्थानीय लोगों ने बचाने की कोशिश की लेकिन आग और धमाके की वजह से कोई अंदर नहीं जा सका.

शॉर्ट सर्किट और ओवरलोड से खत्म हुआ परिवार

शुरूआती जांच में बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट और अधिक लोड को हादसे की वजह माना जा रहा है. आसपास के लोगों का कहना है कि इलाके में बिजली व्यवस्था को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं. अब प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है. बिजली विभाग के अधिकारियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके.