'पहले गला दबाया...फिर पत्थर से कुचला सिर', प्रेमी ही निकला महिला वकील का कातिल; जानें क्यों की हत्या
रायगढ़ जिले के चर्चित महिला वकील हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. महिला के शादीशुदा प्रेमी ने ही जंगल में ले जाकर की थी हत्या.
रायगढ़: जिले के तुमीडीह गांव में हुए चर्चित महिला वकील हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को सक्ती इलाके से गिरफ्तार कर लिया है. जांच में सामने आया है कि आरोपी मृतका का प्रेमी था और दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहे थे. हालांकि आरोपी पहले से शादीशुदा था और उसने यह बात अपनी प्रेमिका से छुपाई थी.
दोनों में कैसे शुरू हुआ विवाद?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विवाद तब शुरू हुआ जब महिला वकील ने आरोपी की व्हाट्सएप डीपी में उसकी पत्नी की तस्वीर देख ली. इसके बाद दोनों के बीच लगातार आए दिन लड़ाइयां होने लगीं. आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि महिला वकील उस पर दबाव बना रही थी और अक्सर उसे कानूनी कार्रवाई में फंसाने की धमकी भी देती थी. इन्हीं सब कारणों से वह काफी परेशान और टेंशन में रहने लगा था.
होटल ले जाकर की समझाने की कोशिश
पुलिस की जांच में यह भी पाया गया है कि पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच विवाद काफी ज्यादा बढ़ गया था. इसी कारण से आरोपी ने अपनी प्रेमिका की हत्या की साजिश रची थी. पुलिस के मुताबिक घटना से एक दिन पहले आरोपी महिला को सक्ती ले गया जहां दोनों ने एक होटल में स्टे किया. आरोपी ने वहां उसे समझाने की भी कोशिश की लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ.
गला दबाकर मारा और पत्थर से कुचला
वहीं अगले दिन आरोपी महिला को तुमीडीह के जंगली इलाके में ले लेकर चला गया और वहां उसने पहले महिला का गला दबाकर उसकी हत्या की और बाद में सिर पर पत्थर मारकर कुचल दिया. पुलिस ने बताया कि आरोपी उस इलाके से अच्छी तरह वाकिफ था क्योंकि वह पहले पास के एक कारखाने में काम कर चुका था. हत्या के बाद उसने सबूत मिटाने और पुलिस को गुमराह करने की भी कोशिश भरसक कोशिश की थी.
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे रायगढ़ जिले में आक्रोश फैल गया था. महिला वकील को न्याय दिलाने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने जिला मुख्यालय में मौन जुलूस भी निकाला था. बाद में उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह को ज्ञापन सौंपकर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग भी की थी पुलिस ने तकनीकी जांच और मुखबिरों की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध कबूल कर लिया.