कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में चैतमा के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ. नेशनल हाईवे 130 पर डिस्पोजल फैक्ट्री के पास कार और बाइक की आमने सामने भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. वहीं कार के अगले हिस्से को भी भारी नुकसान पहुंचा. हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी.
हादसे के समय बाइक पर तीन युवक सवार थे. इनकी पहचान ग्राम पंचायत सगुना निवासी दीपक कंवर, नागेश सिंह पैकरा और भुजबल चौहान के रूप में हुई है. तीनों की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष बताई गई है. टक्कर के बाद दीपक कंवर और नागेश सिंह पैकरा की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं भुजबल चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलने के बाद चैतमा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचाया गया.
भुजबल चौहान की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई. इस तरह हादसे में बाइक पर सवार तीनों दोस्तों की जान चली गई. बताया गया कि तीनों युवक चैतमा बाजार में खरीदारी करने के लिए घर से निकले थे. लेकिन रास्ते में हुए हादसे के बाद परिवारों में मातम छा गया.
दूसरी ओर कार में बैकुंठपुर निवासी एक महिला, उसका बेटा और चालक सवार थे. बताया गया कि मां बेटा इलाज कराने के बाद किराए की कार से वापस बैकुंठपुर लौट रहे थे. चैतमा के पास उनकी कार सामने से आ रही बाइक से टकरा गई. हादसे में महिला के पैर में चोट आई है. उसके बेटे और कार चालक को भी चोटें लगी हैं. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक काफी तेज गति से आ रही थी और गलत दिशा में होने की बात भी सामने आई है. इसी दौरान सामने से आ रही कार से उसकी सीधी टक्कर हो गई. हालांकि हादसे की सही वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी. पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.