'लिफ्ट' लेकर चलता है देश का ये इकलौता शहर, जानिए क्या है इस अनूठी परंपरा के पीछे का रहस्य
छत्तीसगढ़ के चिरमिरी शहर की एक अनोखी पहचान है. यहां न तो ऑटो रिक्शा चलते हैं और न ही टैक्सी, बल्कि यहां के लोग एक दूसरे को रास्ते में मुफ्त लिफ्ट देकर सफर पूरा करते हैं. पहाड़ी और खनन क्षेत्र में बसा यह शहर आज भी इस परंपरा को जीवित रखे हुए है.
भारत में जहां हर शहर और कस्बे में ऑटो और टैक्सी आम दृश्य होते हैं, वहीं छत्तीसगढ़ का चिरमिरी अपनी अलग पहचान रखता है. यहां लोग आने-जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन पर निर्भर नहीं रहते बल्कि एक-दूसरे को ‘लिफ्ट’ देकर सफर करते हैं. यही वजह है कि यह शहर अपने अनोखे ‘लिफ्ट कल्चर’ के लिए पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय है.
चिरमिरी खनन क्षेत्र में बसा एक पहाड़ी शहर है. आठ अलग-अलग पहाड़ी इलाकों में फैले इस नगर का भूगोल इतना कठिन है कि यहां ऑटो रिक्शा या टैक्सी का संचालन संभव ही नहीं हो पाया. 29 किलोमीटर में फैले इस शहर के अलग-अलग इलाके जैसे पोड़ी, हल्दी बाड़ी, बड़ा बाजार, डोम्न हिल और कोरिया कॉलियरी आपस में 1 से 7 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं. घने जंगल और ऊंची-नीची सड़कों के कारण यहां सिर्फ जीप या निजी गाड़ियां ही चल पाती हैं.
लिफ्ट देना बनी संस्कृति
स्थानीय लोग बताते हैं कि जब यह क्षेत्र मध्यप्रदेश का हिस्सा था, उस समय कोयला खदानों में काम करने वाले कुछ कर्मचारियों के पास ही स्कूटर हुआ करते थे. धीरे-धीरे रास्ते में मिलने वालों को बैठा लेने की आदत ने एक परंपरा का रूप ले लिया. आज हालत यह है कि अगर कोई राहगीर सड़क किनारे खड़ा दिख जाए तो बाइक या कार सवार उसे बिना हिचक लिफ्ट दे देते हैं. यह आदत अब यहां की सामाजिक संस्कृति बन चुकी है.
Also Read
- SC on Stray Dogs: दिल्ली-एनसीआर में आवारा कुत्तों के भविष्य पर सुप्रीम कोर्ट कल सुनाएगा ऐतिहासिक फैसला, एनिमल वेलफेयर ग्रुप्स ने जताया था विरोध
- एम्बुलेंस के बजाय मंगवाया पानी का टैंकर, 10 मिनट तक बहता रहा खून; अहमदाबाद स्टूडेंट मर्डर केस में परिजनों ने लगाया मामले को छुपाने का आरोप
- ट्रंप के टैरिफ को चुनौती देने की तैयारी! पीएम मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों को मिलाया फोन, इन मुद्दों पर हुई चर्चा
असफल रहे परिवहन के प्रयास
चिरमिरी में कई बार शहर बस सेवा शुरू करने की कोशिश हुई. पूर्व महापौर दम्रू रेड्डी के कार्यकाल में बसें चलाई भी गईं, लेकिन खराब भूगोल और समय के साथ गाड़ियों की स्थिति बिगड़ने से सेवा बंद हो गई. मौजूदा महापौर रामनरेश राय भी मानते हैं कि शहर की भौगोलिक स्थिति यहां नियमित परिवहन व्यवस्था चलाने में सबसे बड़ी बाधा है. हाल ही में दस साल का सरकारी टेंडर भी पूरा हो गया और बसें मरम्मत योग्य नहीं बचीं. इस कारण अब नई बस सेवाओं के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है.
अपनापन ही सहारा
करीब 85 हजार की आबादी वाले इस शहर में लोग एक-दूसरे को भलीभांति जानते हैं. यही अपनापन यहां की लिफ्ट संस्कृति को मजबूती देता है. हालांकि बाहरी लोगों और नए आने वालों के लिए यह व्यवस्था कई बार मुश्किल भी पैदा कर देती है, क्योंकि यहां संगठित सार्वजनिक परिवहन की सुविधा नहीं है. फिर भी स्थानीय लोग इसे अपनी परंपरा और आपसी सहयोग का प्रतीक मानते हैं.