ट्रंप के लिए खतरे की घंटी! अमेरिका मिड-टर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी पर मंडराया हार का खतरा

अमेरिका में मध्यावधि चुनाव से पहले डोनाल्ड ट्रंप की रैलियां और उनके बयान रिपब्लिकन पार्टी के लिए चर्चा और चिंता का विषय बने हुए हैं.

Pinterest
Km Jaya

अमेरिका में 3 नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लगातार रैलियां और उनके बयानों ने एक बार फिर रिपब्लिकन पार्टी के सामने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. पार्टी के लिए ट्रंप सबसे बड़ा सहारा भी हैं और इस समय सबसे बड़ी चिंता भी बनते नजर आ रहे हैं.

ट्रंप की हालिया रैलियों में नीतियों और विकास के मुद्दों के बजाय व्यक्तिगत टिप्पणियों, शरीर और शारीरिक बनावट से जुड़े बयानों तथा अजीबोगरीब मजाकों की चर्चा ज्यादा दिखाई दे रही है. यही वजह है कि रिपब्लिकन नेताओं के बीच यह चिंता बढ़ रही है कि क्या ट्रंप का यह अंदाज पार्टी को चुनाव में फायदा पहुंचाएगा या नुकसान.

अपनी ही रैलियों से परेशान नजर आए ट्रंप

फ्लोरिडा की एक रैली में ट्रंप ने अपनी ही चुनावी रैलियों को लेकर नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि उन्हें लगातार 28 दिनों तक यह सब करना पड़ रहा है और उनकी आवाज भी अब अपनी पूरी क्षमता से काम नहीं कर रही है. अपनी रैलियों और लगातार चुनावी दौरों को लेकर ट्रंप की यह शिकायत राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई.


इससे पहले भी ट्रंप अपने समर्थकों के साथ अपने रिश्ते को लेकर एक ऐसा बयान दे चुके हैं, जिसने लोगों का ध्यान खींचा था. उन्होंने कहा था कि वह कितनी भी मूर्खतापूर्ण बात कहें, उनके समर्थक फिर भी हंसेंगे और तालियां बजाएंगे. चुनाव से ठीक पहले इस तरह की बयानबाजी रिपब्लिकन पार्टी के लिए असहज स्थिति पैदा कर रही है.

MAGA समर्थकों पर भी उठ रहे सवाल

ट्रंप के राजनीतिक आंदोलन MAGA यानी Make America Great Again को लेकर भी बहस तेज है. सवाल यह है कि क्या ट्रंप के समर्थक उनकी हर बात को बिना सवाल किए स्वीकार करते हैं या फिर उनके बीच भी असहमति बढ़ रही है.

दक्षिण कैरोलिना की एक रैली में एक समर्थक से जब पूछा गया कि वह वहां क्यों आया है, तो उसने 1978 के जॉनस्टाउन नरसंहार का संदर्भ देते हुए ट्रंप के आंदोलन की तुलना एक कल्ट को करीब से देखने जैसा बताया. इस टिप्पणी ने ट्रंप समर्थक आंदोलन की प्रकृति को लेकर नई बहस छेड़ दी.

नीति से ज्यादा पहचान और गुस्से की राजनीति

ट्रंप और उनके समर्थकों के रिश्ते को समझने वाले आलोचकों का कहना है कि MAGA अब सिर्फ नीतियों का समर्थन नहीं रह गया है, बल्कि कई लोगों के लिए यह राजनीतिक और सामाजिक पहचान बन चुका है. समर्थकों के बीच यह भावना दिखाई देती है कि ट्रंप पर चाहे कितने भी आरोप लगाए जाएं, वह उनके हितों के लिए लड़ रहे हैं.

इसका असर अमेरिकी परिवारों में भी दिखाई देने की बात कही जा रही है. कई जगह माता-पिता ट्रंप के मजबूत समर्थक हैं, जबकि उनके युवा बच्चे उनकी बयानबाजी और राजनीति का विरोध करते हैं. ट्रंप इन पारिवारिक मतभेदों को भी अपने भाषणों में मजाक के तौर पर इस्तेमाल करते रहे हैं.

रिपब्लिकन नेताओं के सामने नई चुनौती

ट्रंप समर्थकों के वायरल इंटरव्यू अब सोशल मीडिया पर राजनीतिक बहस का हिस्सा बन गए हैं. विरोधी पक्ष और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स ऐसे वीडियो के जरिए MAGA समर्थकों की राजनीतिक सोच पर सवाल उठाते हैं. रिपब्लिकन नेता विवेक रामास्वामी भी हाल में ऐसी ही स्थिति का सामना कर चुके हैं, जब एक व्यक्ति ने उनके चुनावी विज्ञापन को लेकर गंभीर सवाल उठाए. इस तरह के वायरल वीडियो अब विरोधी दलों के लिए रिपब्लिकन नेताओं को घेरने का राजनीतिक हथियार बनते जा रहे हैं.

ट्रंप का अंदाज बनेगा ताकत या कमजोरी?

मध्यावधि चुनाव के करीब आते-आते ट्रंप की रैलियां राजनीति, हास्य, व्यक्तिगत शिकायतों और विवादित टिप्पणियों का मिश्रण बनती जा रही हैं. ट्रंप का यही अनिश्चित और आक्रामक अंदाज उनके समर्थकों को उत्साहित करता है, लेकिन विरोधियों को रिपब्लिकन पार्टी पर हमला करने का मौका भी देता है.

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ट्रंप का MAGA आधार चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को मजबूत कर पाएगा. क्या उनकी लोकप्रियता और आक्रामक शैली पार्टी की चुनावी नैया पार लगाएगी या फिर विवादित बयान और असामान्य रैलियां ही पार्टी के लिए मुश्किल खड़ी कर देंगी. 3 नवंबर का मध्यावधि चुनाव इन सवालों का जवाब देगा.