सनरूफ से बाहर निकलकर युवती ने चलती गाड़ीं किया डांस, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने लिया एक्शन
छत्तीसगढ़ में एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें BMW कार के सनरूफ से बाहर निकलकर एक युवती डांस करते दिख रही है. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में लिया है.
बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर एक चलती हुई बीएमडब्ल्यू कार के सनरूफ से बाहर निकलकर एक युवती के डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर रील्स बनाने के चक्कर में किए जाने वाले खतरनाक स्टंट और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
पुलिस ने तत्काल लिया एक्शन
जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर फैला पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है. अधिकारियों के अनुसार यह स्टंट जिस लग्जरी कार में किया गया उसका रजिस्ट्रेशन नंबर CG 10 CA 3999 है. वायरल क्लिप में देखा जा सकता है कि हाईवे पर तेज रफ्तार में दौड़ती कार की सनरूफ को खोला जाता है और फिर एक युवती बाहर निकलकर नाचने लगती है. इस वीडियो को इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जमकर शेयर किया जा रहा है.
लोगों ने इस हरकत को बेहद गैर-जिम्मेदाराना और जोखिम भरा बताते हुए इसकी कड़ी आलोचना की है. ट्रैफिक पुलिस ने भी इसे सड़क सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन माना है क्योंकि ऐसी हरकतों से न सिर्फ कार में बैठे लोगों की जान को खतरा होता है बल्कि हाईवे पर चल रहे दूसरे वाहन चालकों के लिए भी बड़ी दुर्घटना का डर बना रहता है.
यहां देखें वीडियो
आरोपी ड्राइवर को पुलिस ने हिरासत में लिया
जांच के दौरान पुलिस ने कार ड्राइवर की पहचान 36 वर्षीय प्रतीक लूथर के रूप में की है जो बिलासपुर के शुभम विहार इलाके के रहने वाले संजय लूथर के बेटे हैं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रतीक ने अपनी एक महिला मित्र के साथ सोशल मीडिया कंटेंट बनाने के लिए यह वीडियो तैयार किया था.
चक्रभाठा थाना पुलिस ने वीडियो पर संज्ञान लेते हुए तुरंत बीएमडब्ल्यू कार को ट्रैक किया और उसे जब्त कर लिया है. इसके साथ ही कार चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी गलती और ट्रैफिक नियम तोड़ने की बात कबूल कर ली है. पुलिस अब उसके खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने के आरोप में कानूनी कार्रवाई कर रही है.
पुलिस ने की अपील
पुलिस प्रशासन ने आम जनता खासकर युवाओं से अपील की है कि वे ऑनलाइन लोकप्रियता और लाइक्स पाने के लिए सड़कों पर ऐसे जानलेवा स्टंट न करें. उन्होंने चेतावनी दी है कि ऐसी लापरवाही भारी हादसों की वजह बन सकती है और ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.