T20 World Cup 2026

किस राज्य के 25 लाख से अधिक किसानों को मिला होली का तोहफा, खातों में ट्रांसफर किए जाएंगे 10,000 हजार करोड़ रुपए

मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में बड़ा ऐलान करते हुए बताया कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले 25 लाख से अधिक किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि होली से पहले एकमुश्त दी जाएगी.

Anuj

रायपुर: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कोसमनारा धाम में स्थापना दिवस और शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन हुआ. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जब समाज संगठित, शिक्षित और जागरूक होता है, तभी विकास को मजबूती मिलती है.

उन्होंने साहू समाज की एकता और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज प्रदेश के सामाजिक और आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभा रहा है. विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है.

किसानों के हित में बड़ा ऐलान

मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में बड़ा ऐलान करते हुए बताया कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले 25 लाख से अधिक किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि होली से पहले एकमुश्त दी जाएगी. लगभग 10 हजार करोड़ रुपये सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजे जाएंगे. उन्होंने कहा कि किसानों की खुशहाली सरकार की पहली प्राथमिकता है और अन्नदाता के सम्मान में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी.

CM ने मंदिर में की पूजा अर्चना

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने कोसमनारा स्थित 108 सत्यनारायण बाबा और भक्त माता कर्मा-कृष्ण मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की. उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं भी दी. उन्होंने बताया कि 16 फरवरी 1998 से पूज्य सत्यनारायण बाबा खुले आकाश के नीचे तपस्या कर रहे हैं. तीनों ऋतुओं में 28 वर्षों से अधिक समय तक साधना करना अत्यंत प्रेरणादायक है. यह धाम आज आस्था, समरसता और भाईचारे का प्रतीक बन चुका है.

50 लाख रुपए देने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा के आशीर्वाद से उन्हें चार बार सांसद बनने और अब मुख्यमंत्री के रूप में सेवा करने का अवसर मिला है. उन्होंने बाबा भोलेनाथ और सत्यनारायण बाबा से प्रदेश पर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की. इस अवसर पर उन्होंने कोसमनारा स्थित कर्मा साहू सामुदायिक भवन के ऊपर अतिरिक्त निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा भी की. और साथ ही रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं से लोगों को अयोध्या और अन्य प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा का अवसर मिल रहा है.

चालीसा का विमोचन हुआ

समारोह में समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले त्रिभुवन साहू, भरत लाल साहू, कपिल नाथ, अरुणा साहू, मनोज साहू और वेदराम साहू को सम्मानित किया गया. इस दौरान कोरबा जिला साहू संघ की पत्रिका और बाबा सत्यनारायण चालीसा का विमोचन भी किया गया.

उपमुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि साहू समाज की एकजुटता प्रदेश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगी. वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कोसमनारा धाम के विकास के लिए लगभग डेढ़ करोड़ रुपये के प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी. वहीं, साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू ने बिलासपुर संभाग के सात जिलों के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई. समारोह पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ.