चंडीगढ़ के किसानों के लिए बड़ी राहत: 'अपनी मंडी' शुल्क में मिलेगी 50% की छूट, सीधा उपभोक्ताओं को बेच सकेंगे फसल
चंडीगढ़ के स्थानीय किसानों को 'अपनी मंडी-डे मार्केट' के शुल्क में 50 प्रतिशत छूट मिलेगी. इस फैसले से बिचौलियों की निर्भरता खत्म होगी और शहरवासियों को ताजी सब्जियां व फल मिलेंगे.
चंडीगढ़ के किसानों और भूमि मालिकों के लिए एक राहतभरी खबर आई है. शहर के विभिन्न सेक्टरों में लगने वाली ‘अपनी मंडी-डे मार्केट’ में लगने वाले शुल्क में किसानों को 50 प्रतिशत की विशेष छूट देने का निर्णय लिया गया है.
समिति में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास
यह प्रस्ताव पार्षद सतिंदर सिंह सिद्धू द्वारा समिति के समक्ष रखा गया, जिसे सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया. इसका मुख्य उद्देश्य किसानों पर मंडी शुल्क का आर्थिक बोझ कम करना और उन्हें अपनी फसल बेचने के लिए एक बेहतर मंच प्रदान करना है.
बिचौलियों से मिलेगी मुक्ति
इस 50 प्रतिशत छूट के बाद स्थानीय किसान बिचौलियों पर निर्भर रहे बिना सीधे शहर के उपभोक्ताओं तक अपनी उपज पहुंचा सकेंगे. इससे किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिलेगा और चंडीगढ़ के निवासियों को ताजे व गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पाद आसानी से उपलब्ध होंगे.
Also Read
किसानों के मुद्दों को प्राथमिकता
पार्षद सिद्धू ने प्रस्ताव का समर्थन करने के लिए समिति के सदस्यों का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि स्थानीय किसान शहर की विरासत का अहम हिस्सा हैं और भविष्य में भी चंडीगढ़ के गांवों व भूमि मालिकों से जुड़े मुद्दों को नगर निगम में प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा.