यूपी की कोर्ट के भीतर शख्स ने पत्नी को बाल पकड़कर बुरी तरह पीटा, वीडियो वायरल होने पर दो गिरफ्तार
महराजगंज के फैमिली कोर्ट परिसर में भरण-पोषण के मामले की सुनवाई के बाद पति-पत्नी के बीच जमकर मारपीट हुई. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिला मुख्यालय स्थित फैमिली कोर्ट परिसर में 24 सितंबर को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक दंपति के बीच जारी पारिवारिक विवाद की सुनवाई के बाद अदालत परिसर में ही जमकर मारपीट शुरू हो गई. देखते ही देखते कोर्ट का गलियारा अखाड़ा बन गया और दोनों पक्षों की तरफ से लात-घूंसे तथा थप्पड़ चलने लगे. इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया और तेजी से वायरल हो गया.
भरण-पोषण मामले की सुनवाई के बाद विवाद
जानकारी के अनुसार, समर्थधीरा निवासी प्रिया त्रिपाठी का विवाह कोइलादड़ निवासी मनीष कुमार मिश्रा के साथ हुआ था. शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था और मामला फैमिली कोर्ट में लंबित था. 24 सितंबर को भरण-पोषण (maintenance) मामले में सुनवाई तय थी, जिसमें दोपहर करीब 2 बजे प्रिया के पिता लक्ष्मीकांत की गवाही पूरी हुई. इसके बाद प्रिया, उनकी बहन प्रियंका और पिता अदालत कक्ष से बाहर निकलकर भूतल (ground floor) के हॉल में पहुंचे, जहां कहासुनी के बाद हाथापाई शुरू हो गई.
बाल खींचने और गला दबाने का आरोप
पीड़िता प्रिया ने आरोप लगाया कि मनीष और उसके साथ आए एक अन्य व्यक्ति ने उन पर हमला कर दिया. शिकायत के अनुसार, मनीष ने उसके बाल पकड़कर उसे जमीन पर गिरा दिया और गला दबाने का प्रयास किया. जब प्रिया के पिता और बहन बीच-बचाव करने आए, तो उनके साथ भी मारपीट की गई. वहीं वायरल वीडियो में महिला पर हमले के बाद प्रिया के पक्ष से आए एक व्यक्ति को मनीष के चेहरे पर जोरदार थप्पड़ मारते हुए भी देखा गया.