पति की मौत के सदमें में पत्नी ने दी जान, जंगल जाकर लगाई फांसी; पेड़ से लटकी मिली लाश

कैमूर जिले में पति की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद सदमे में आई 36 वर्षीय महिला ने सुगनिया जंगल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है.

Pinterest
Km Jaya

कैमूर: बिहार के कैमूर में एक महिला अपने पति की मौत का सदमा बर्दाश्त न कर सकी. अधौरा थाना क्षेत्र के सुगनिया जंगल में एक पेड़ से उसने गले में काली साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली. मृतक 36 साल की हेवंती देवी अधौरा थाना क्षेत्र के खामकला निवासी हीरा लाल सिंह की पत्नी थी. उसके पति की मौत 18 फरवरी 2026 को शाम 7 बजे उत्तर प्रदेश के खलियारी बाजार से लौटते समय सती माई स्थान के पास सड़क हादसे में हो गई थी. 

मृतक के ससुर ने बताया कि उनकी बहू अपने पति की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाई और उसने आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी मिलने पर अधौरा थाने की पुलिस सुगनिया जंगल पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया. थाने के PSI वीरेंद्र कुमार उरांव ने पंचनामा तैयार कर शव को शनिवार को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ के सदर अस्पताल भेज दिया. 

परिजनों ने क्या बताया?

डॉक्टर ने पोस्टमार्टम किया और पुलिस ने शव परिवार को सौंप दिया. मृतक के ससुर शिवचरण सिंह ने बताया कि उनकी बहू शुक्रवार सुबह 9:00 बजे घर से यह कहकर निकली थी कि वह टॉयलेट जा रही है. लेकिन जब वह देर से लौटी तो परिवार को चिंता हुई.

परिजनों को कैसे चला पता?

परिवार के लोग और गांव वाले उसे ढूंढने लगे. उन्होंने आस-पास के इलाके में तलाश की और गांव वालों से पूछा लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. जंगल से आ रहे कुछ गांव वालों ने महुआ के पेड़ से लटकी हुई लाश देखी. गांव वाले शिवचरण के घर पहुंचे और बहू के फांसी लगाने की खबर दी. 

कैसी थी वहां की स्थिति?

यह सुनकर परिवार में कोहराम मच गया. वे सब जिस हालत में थे, सुगनिया जंगल की तरफ भागे. गांव की औरतें भी आ गईं. पेड़ के नीचे उसकी चप्पलें और डाल पर हरी शॉल पड़ी मिली.

हेवंती की दो शादियां हुईं. उसकी पहली शादी आठ साल पहले खामकला के रामचंद्र खरवार से हुई थी. उसने एक बेटी को जन्म दिया. रामचंद्र ने चार साल पहले किसी बात पर पिपरा जंगल में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया. पति की मौत के दो साल बाद उसने खामकला के हीरा लाल खरवार से शादी कर ली. तब से उसकी बेटी अपने दादा दशरथ खरवार के साथ रह रही है.

नोट: अगर आपके मन में कभी सुसाइड करने का ख्याल आए तो कृपया अपने नज़दीकी मानसिक स्‍वास्‍थ्‍य विशेषज्ञ के पास जाएं. इससे आप अपनी परेशानी का हल निकाल सकते हैं. इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 14416 है, जहां आप 24X7 संपर्क कर सकते हैं.