US Israel Iran War

बिहार में तपिश के बाद बदलने वाला है मौसम का मिजाज, इन जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट; जानें क्या है वेदर अपडेट

बिहार में 26 मार्च से मौसम बदलने वाला है. कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना है. 27 मार्च को येलो अलर्ट जारी किया गया है. लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

Pinterest
Km Jaya

पटना: बिहार में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने से यहां के लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. आज सुबह तक बिहार के कई जिलों में मौसम सूखा बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार 26 मार्च से राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है. 

विभाग ने अनुमान लगाया है कि गुरुवार को उत्तर-मध्य बिहार के जिलों सीतामढ़ी, मधुबनी, मुज़फ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर और समस्तीपुर में कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है. उत्तर-पूर्वी बिहार के पूर्वी जिलों सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार में भी बारिश की संभावना है.

मौसम विभाग ने क्या बताया?

मौसम विभाग ने आगे अनुमान लगाया है कि इसके बाद 27 मार्च को बिहार के लगभग सभी जिलों में बारिश होने की संभावना है. मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार यानी 28 मार्च को दक्षिण-मध्य बिहार के जिलों पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद को छोड़कर बाकी सभी जिलों में बारिश का अनुमान है.

29 मार्च को पूरे बिहार में मौसम सूखा रहने की उम्मीद है. इसके बाद 30 मार्च को सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया और कटिहार में बारिश का एक और दौर आ सकता है.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने 27 मार्च को राज्य के अधिकांश जिलों में बिजली कड़कने के साथ-साथ तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान लगाया है. इसके अलावा 28 मार्च को बिहार के उत्तर-मध्य और पूर्वी क्षेत्रों के जिलों में बिजली गिरने के साथ-साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.

कितना था तापमान?

मंगलवार को दिन के समय तेज धूप के कारण दिन की गर्मी बढ़ गई. जिसके वजह से दिन की गर्मी से लोग पसीने से तरबतर हो गए. हालांकि रात का मौसम सुहावना बना रहा. मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.5°C रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 19.6°C था.

IMD का क्या है पूर्वानुमान?

IMD के पूर्वानुमानों के अनुसार 27 मार्च की रात से मौसम में बदलाव आने की उम्मीद है. इसके बाद 28 मार्च को स्थितियां एक बार फिर बदलेंगी, जिसमें धूल भरी आंधी के बीच हल्की बारिश की संभावना है. इस बदलाव के परिणामस्वरूप दिन का मौसम सुहावना हो जाएगा. 

BAU सबौर के मौसम विज्ञानी डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि 27 और 28 मार्च को मौसम उमस भरा और चिपचिपा रहेगा. इसके अलावा 28 मार्च को जिले के एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की उम्मीद है.