IPL 2026 ऑक्शन में बिहार के इन खिलाड़ियों पर लगी बोली, जानें कौन रहा सबसे अधिक महंगा?
आईपीएल 2026 ऑक्शन समाप्त हो चुका है और इसमें युवा खिलाड़ियों की धूम रही. इसी कड़ी में बिहार के कुछ खिलाड़ियों पर बोली लगी और वे धूम मचाने को तैयार हैं.
पटना: आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन में बिहार के युवा क्रिकेटरों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. अबू धाबी में 16 दिसंबर 2025 को हुई इस नीलामी में राज्य से जुड़े कई खिलाड़ियों को टीमों ने चुना.
कुल मिलाकर इस सीजन में बिहार के 7 खिलाड़ी आईपीएल में खेलते नजर आएंगे, जो राज्य के लिए गर्व की बात है. इनमें से चार खिलाड़ी ऑक्शन में बिके, जबकि तीन को उनकी टीमों ने पहले ही रिटेन कर लिया था.
सबसे महंगा खिलाड़ी
इस ऑक्शन में बिहार के सबसे महंगे खिलाड़ी रोहतास जिले के तेज गेंदबाज आकाश दीप रहे. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने उन्हें 1 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया. शुरुआती दौर में कोई बोली नहीं लगी लेकिन तेज राउंड में KKR ने उन्हें बेस प्राइस पर खरीद लिया.
Also Read
आकाश दीप की जिंदगी संघर्षों से भरी रही है. छोटे गांव से निकलकर वे टीम इंडिया तक पहुंचे. बचपन में पिता और भाई का निधन हो गया, जिसके बाद वे बहन के साथ दिल्ली चले गए. वहां से क्रिकेट की दुनिया में कदम रखा. बिहार क्रिकेट पर बैन के कारण वे बंगाल गए और रणजी टीम में जगह बनाई.
युवा तेज गेंदबाज साकिब हुसैन
गोपालगंज के 21 साल के साकिब हुसैन को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने 30 लाख रुपये में खरीदा. साकिब का सफर भी आसान नहीं रहा. घर की आर्थिक तंगी के कारण उनकी मां ने गहने तक बेच दिए. सेना में जाने का सपना देखने वाले साकिब क्रिकेट की ओर मुड़े.
वे बिहार लीग, अंडर-19 और नेशनल क्रिकेट एकेडमी तक पहुंचे. चेन्नई सुपर किंग्स के नेट बॉलर रह चुके साकिब को एमएस धोनी से भी टिप्स मिले हैं. धोनी ने उनकी प्रतिभा की तारीफ की थी. आईपीएल में यह उनका अच्छा मौका होगा.
सार्थक रंजन की एंट्री
पूर्णिया के सार्थक रंजन को भी KKR ने 30 लाख रुपये में अपनी टीम में जगह दी. वे दिल्ली के लिए रणजी क्रिकेट खेलते हैं और दिल्ली प्रीमियर लीग में तेज बल्लेबाजी से चर्चा में आए हैं. ओपनर बल्लेबाज सार्थक एक मैच में 58 गेंदों पर शतक लगा चुके हैं. युवा उम्र में ही उन्हें बड़ा खिलाड़ी माना जा रहा है.
मोहम्मद इजहार का चयन
सुपौल के मोहम्मद इजहार को मुंबई इंडियंस ने 30 लाख रुपये में चुना. तेज गेंदबाजी करने वाले इजहार युवा स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. उनकी रफ्तार और स्विंग से टीम को फायदा होगा.