'अब हम तय करेंगे कैसे और कब खत्म होगा युद्ध', ईरान के केश्म द्वीप के पास अमेरिकी हमले से भड़के मोजतबा खामेनेई

ईरान ने दावा किया है कि अमेरिका ने केश्म द्वीप के पास दो मछली पकड़ने वाली नौकाओं को निशाना बनाया, जिसमें दो मछुआरे लापता और एक घायल है.

Pinterest
Km Jaya

ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने अमेरिका पर क़ेश्म द्वीप के पास दो मछली पकड़ने वाली नौकाओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया है. ईरानी मीडिया के मुताबिक इस घटना में दो मछुआरे लापता हैं, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है. हालांकि अमेरिका की ओर से फिलहाल इस कथित हमले की तत्काल पुष्टि नहीं की गई है.

ईरानी इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग ने शनिवार को होर्मोजगान प्रांत के एक अधिकारी के हवाले से बताया कि केश्म द्वीप के आसपास मछली पकड़ने वाली दो नौकाओं को निशाना बनाया गया. घटना के बाद इलाके में तनाव और बढ़ गया है. ईरान ने इस कार्रवाई को लेकर अमेरिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

मोजतबा खामेनेई ने दिया जवाब का आदेश

इस बीच ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने सशस्त्र बलों को किसी भी दुश्मन के हमले का तत्काल और प्रभावी जवाब देने का आदेश दिया है. उनके लिखित संदेश के अनुसार ईरान की जवाबी कार्रवाई की कोई भौगोलिक सीमा नहीं होगी.


खामेनेई ने चेतावनी दी कि यदि दुश्मन की ओर से दोबारा सैन्य या आतंकी हमला किया जाता है, तो संघर्ष को कब और किन शर्तों पर खत्म करना है, इसका फैसला ईरान खुद करेगा. उनके संदेश में देश की सैन्य तैयारियों को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया है.

अमेरिकी और इजरायली ठिकाने निशाने पर

ईरानी नेतृत्व ने सशस्त्र बलों को सभी अमेरिकी और इजरायली ठिकानों तथा संसाधनों से संबंधित टारगेट लिस्ट को अपडेट करने का निर्देश दिया है. इसके साथ ही गोला-बारूद और हथियारों का उत्पादन बढ़ाने, सैन्य खुफिया क्षमताओं को मजबूत करने और घरेलू रक्षा क्षमता विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं.

इन बयानों से संकेत मिलता है कि ईरान संभावित नए सैन्य टकराव के लिए अपनी तैयारियों को बढ़ा रहा है. हालांकि, क़ेश्म द्वीप के पास कथित हमले को लेकर स्वतंत्र पुष्टि अभी सामने नहीं आई है.

अमेरिका की ओर से सैन्य कार्रवाई के संकेत

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान के खिलाफ संभावित सैन्य कार्रवाई को लेकर कई संकेत दिए जा चुके हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका में 3 नवंबर को होने वाले मिडटर्म चुनावों के बाद ईरान के खिलाफ नए हमले की संभावना पर चर्चा हो रही है.

बताया जा रहा है कि अमेरिकी शीर्ष सैन्य अधिकारियों ने राष्ट्रपति ट्रंप के सामने ईरान के खिलाफ संभावित सैन्य कार्रवाई के अलग-अलग विकल्प भी रखे हैं. दूसरी ओर, इजरायल में भी ईरान को लेकर सैन्य तैयारियों और अमेरिका के साथ संभावित कार्रवाई को लेकर अटकलें तेज हैं.

खाड़ी क्षेत्र में बढ़ सकता है तनाव

केश्म द्वीप होर्मुज जलडमरूमध्य के करीब स्थित है, जो वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है. ऐसे में इस क्षेत्र में किसी भी सैन्य घटना का असर केवल ईरान और अमेरिका तक सीमित नहीं रह सकता. फिलहाल दोनों देशों के बीच तनाव के बीच ईरान की ओर से सख्त जवाबी कार्रवाई की चेतावनी ने क्षेत्रीय स्थिति को और संवेदनशील बना दिया है.