menu-icon
India Daily

बिहार चुनाव से पहले तेजप्रताप यादव का सियासी धमाका! परिवार को X पर किया अनफॉलो, क्या लेने वाले हैं बड़ा फैसला

Tej Pratap Yadav: बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. इससे पहले ही लालू परिवार में फूट पड़ती हुई नजर आ रही है. दरअसल, उनके बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने एक्स पर अपने परिवार के कई लोगों को अनफॉलो कर दिया है.

mishra
बिहार चुनाव से पहले तेजप्रताप यादव का सियासी धमाका! परिवार को X पर किया अनफॉलो, क्या लेने वाले हैं बड़ा फैसला
Courtesy: Social Media

Tej Pratap Yadav: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने एक ऐसा कदम उठाया है, जिसने बिहार की सियासत में हलचल मचा दी है. तेजप्रताप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने परिवार के कई सदस्यों को अनफॉलो कर दिया है. इस कदम को राजनीतिक गलियारों में एक बड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है. 

हसनपुर से विधायक तेजप्रताप यादव ने अपने X अकाउंट से परिवार के कई करीबी सदस्यों को अनफॉलो किया है, जिनमें उनकी बहन और राज्यसभा सांसद मीसा भारती, राजलक्ष्मी यादव और हेमा यादव शामिल हैं. पहले तेजप्रताप 19 लोगों को फॉलो करते थे लेकिन अब यह संख्या घटकर केवल 6 रह गई है. हालांकि, उन्होंने अपने पिता लालू प्रसाद यादव, मां राबड़ी देवी और भाई तेजस्वी यादव को फॉलो करना जारी रखा है. 

राजनीतिक संदेश या पारिवारिक कलह?

तेजप्रताप के इस कदम ने बिहार की राजनीति में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह सिर्फ एक सोशल मीडिया गतिविधि नहीं है बल्कि इसके पीछे RJD और लालू परिवार के भीतर चल रही अंदरूनी असहमति या तनाव हो सकता है. तेजप्रताप पहले भी अपने बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट्स के जरिए पार्टी नेतृत्व के लिए मुश्किलें खड़ी करते रहे हैं लेकिन इस बार उनका रुख पहले से ज्यादा सख्त और स्पष्ट लग रहा है.

तेजप्रताप की चुप्पी

इस घटना पर तेजप्रताप ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है. उनकी चुप्पी और हाल की गतिविधियां सवालों को और गहरा रही हैं. कुछ दिन पहले तेजप्रताप ने 'टीम तेजप्रताप' नाम से एक नया सोशल मीडिया पेज शुरू किया था, जिसे उनकी नई राजनीतिक राह की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है. इसके अलावा उन्होंने वैशाली के महुआ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है, चाहे RJD से टिकट मिले या वे निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरें.