Bihar Election 2025: बिना सहमति सहनी का बड़ा एलान, 60 सीटों पर VIP लड़ेगी चुनाव, CM और डिप्टी सीएम नामों का किया खुलासा
महागठबंधन में शामिल VIP ने 2025 बिहार विधानसभा चुनाव में 60 सीटों पर लड़ने का ऐलान कर दिया है. मुकेश सहनी ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का दावेदार बताया और खुद को डिप्टी सीएम पद के लिए प्रस्तुत किया. सीट बंटवारे को लेकर अभी महागठबंधन में सहमति नहीं बनी है, ऐसे में यह घोषणा दबाव की राजनीति के रूप में देखी जा रही.
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मी के बीच महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर अब सियासी तनाव बढ़ता नजर आ रहा है. इसी कड़ी में विकासशील इंसान पार्टी यानी VIP प्रमुख मुकेश सहनी ने बड़ा राजनीतिक दांव चलते हुए सोमवार को घोषणा की कि उनकी पार्टी आगामी चुनाव में राज्य की 243 विधानसभा सीटों में से 60 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी. इस ऐलान के साथ ही महागठबंधन में VIP की ताकत और महत्वाकांक्षा का खुला प्रदर्शन हुआ है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मुकेश सहनी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, कि विकासशील इंसान पार्टी, 2025 में 60 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. शेष सीटों पर हमारे सहयोगी दलों के प्रत्याशी मैदान में होंगे. इस बयान के साथ ही VIP ने यह संकेत दे दिया कि वह केवल सहयोगी पार्टी के रूप में नहीं बल्कि प्रभावशाली भागीदार बनकर उभरना चाहती है.
मुख्यमंत्री पद का चेहरा
इसके साथ ही सहनी ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बताते हुए खुद को उपमुख्यमंत्री पद के संभावित दावेदार के रूप में पेश किया. पटना में एक समारोह के दौरान सहनी ने कहा कि 2025 में हमारी सरकार बनेगी और मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव होंगे. उपमुख्यमंत्री मल्लाह समाज का बेटा होगा. यह बयान VIP के उस सामाजिक समीकरण को दर्शाता है जिसमें सहनी अपने को अतिपिछड़े वर्ग के प्रतिनिधि के रूप में स्थापित करना चाहते हैं.
महागठबंधन के भीतर सीटों का बंटवारा
VIP के इस निर्णय का समय भी खास मायने रखता है क्योंकि महागठबंधन के भीतर अब तक सीटों के बंटवारे को लेकर कोई औपचारिक समझौता नहीं हुआ है. राजद, कांग्रेस, वाम दल और अन्य छोटे दलों के साथ अब तक बातचीत जारी है. ऐसे में VIP का 60 सीटों पर एकतरफा ऐलान गठबंधन में अन्य दलों पर दबाव बनाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है.
मुकेश सहनी की राजनीतिक चाल
मुकेश सहनी की यह राजनीतिक चाल न केवल उन्हें मीडिया और राजनीतिक विश्लेषकों की सुर्खियों में ला रही है, बल्कि यह आगामी चुनावों में VIP के लिए बेहतर सौदे की भूमिका भी तैयार कर रही है.
और पढ़ें
- 'मैंने पहले भी कहा है...', चिराग पासवान ने राजनेता का नाम किया ऐलान; इस बार बिहार में कौन बनेगा मुख्यमंत्री?
- Patna News: बिहार में 'डॉग बाबू' के चक्कर में नप गए कई 'बाबू', राजनितिक बवाल के बाद रद्द हुआ सर्टिफिकेट
- Bihar SIR: 'आधार और वोटर कार्ड पर फिर से विचार करे', बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण पर सुप्रीम कोर्ट का मौखिक आदेश