पटना: बिहार की राजधानी पटना से सटे दानापुर में प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद हिंसक हो गया. रूपसपुर थाना क्षेत्र के विजय नगर में रविवार देर रात हुई फायरिंग की घटना में एक युवक को पांच गोलियां लगीं, जबकि एक युवती भी गोली लगने से घायल हो गई. पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार अभी बरामद नहीं हुआ है.
पुलिस के अनुसार विजय नगर निवासी राहुल कुमार का एक युवती से प्रेम संबंध था. रविवार रात युवती उससे मिलने विजय नगर पहुंची थी. इसी दौरान बोरिंग रोड निवासी विनायक सिंह भी वहां पहुंच गया. शुरुआती जांच में सामने आया है कि किसी बात को लेकर राहुल और विनायक के बीच विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर राहुल ने कथित तौर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी.
फायरिंग में विनायक सिंह को पांच गोलियां लगीं, जबकि युवती को भी एक गोली लगी. गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में अफरा तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया. विनायक का इलाज पाटलिपुत्र स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जबकि युवती को दानापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस के मुताबिक दोनों घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल कुमार को हिरासत में ले लिया. हालांकि घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी अभी नहीं हो सकी है.
दानापुर के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी और घटना किन परिस्थितियों में हुई. अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा किया जाएगा.
पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी पहलुओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.