Bigg Boss 20

एक फिर हुआ जमुई जैसा कांड, मुजफ्फरपुर में दलित नाबालिग छात्रा को सुनसान रास्ते पर झाड़ी में दबोचा

मुजफ्फरपुर के मनियारी थाना क्षेत्र में एक दलित नाबालिग छात्रा ने पड़ोसी और वार्ड सदस्य पर छेड़छाड़ करने तथा उसे जबरन झाड़ी की ओर खींचने की कोशिश करने का आरोप लगाया है.

Pinterest
Km Jaya

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से दलित नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. मनियारी थाना क्षेत्र के एक गांव में छात्रा ने पड़ोसी और वार्ड सदस्य सुनील पर रास्ते में उसका हाथ पकड़ने और जबरन झाड़ी की ओर खींचने की कोशिश करने का आरोप लगाया है. पीड़िता और उसके परिवार की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है.

पीड़िता के मुताबिक, शनिवार रात करीब 8 बजे वह अपनी दादी को रिश्तेदार से फोन पर बात कराने के बाद बथान से अपने घर लौट रही थी. इसी दौरान सुनसान रास्ते पर आरोपी ने उसका पीछा किया और उसका हाथ पकड़ लिया. आरोप है कि विरोध करने के बावजूद उसे जबरन झाड़ी की ओर ले जाने की कोशिश की गई और उसके साथ छेड़छाड़ की गई.

छात्रा ने और क्या बताया?

छात्रा ने बताया कि उसने हिम्मत जुटाकर शोर मचाना शुरू किया और अपने पिता को आवाज दी. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर आने लगे. इसके बाद आरोपी वहां से भाग गया. घर पहुंचने के बाद छात्रा ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी.


परिजनों ने थाने में दिया आवेदन

घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा की मां आरोपी के घर शिकायत करने पहुंचीं, लेकिन आरोप है कि वह पहले ही घर से फरार हो चुका था. इसके बाद रविवार को पीड़िता की मां ने मनियारी थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की. परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और न्याय की मांग की है. घटना के बाद गांव में भी नाराजगी की बात सामने आई है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

एसडीपीओ पश्चिमी-2 अनिमेष ज्ञानी ने बताया कि पीड़िता की ओर से पड़ोसी द्वारा छेड़छाड़ किए जाने की शिकायत मिली है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी निगरानी कर रही है. फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी.