दुलारचंद हत्याकांड मामले में जेल बाहर आए बाहुबली विधायक अनंत सिंह का हुआ ग्रैंड वेलकम; कल मोकामा में करेंगे 50 किलोमीटर लंबा रोड शो
बेऊर जेल के बाहर अनंत सिंह के समर्थकों की भारी भीड़ जमा थी. जैसे ही वे जेल से बाहर निकले, कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया.
मोकामा: बिहार की राजनीति में चर्चित नाम अनंत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं. मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह को दुलारचंद हत्याकांड में जमानत मिलने के बाद पटना के बेऊर जेल से रिहा कर दिया गया. कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सोमवार को वे जेल से बाहर आए.
बताया जा रहा है कि रिहाई के बाद उनका कार्यक्रम पहले लखीसराय के बड़हिया स्थित महारानी मंदिर जाने का ह.। इसके बाद वे अपने विधानसभा क्षेत्र मोकामा के लिए रवाना होंगे, जहां उनका करीब 50 किलोमीटर लंबा रोड शो प्रस्तावित है. इस दौरान रास्ते में कई स्थानों पर उनके समर्थक उनका स्वागत करेंगे.
समर्थकों ने किया स्वागत
बेऊर जेल के बाहर अनंत सिंह के समर्थकों की भारी भीड़ जमा थी. जैसे ही वे जेल से बाहर निकले, कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया. समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी की और माहौल उत्साह से भर गया. लंबे समय बाद अपने नेता को सामने देखकर समर्थकों में खासा उत्साह नजर आया.
हाईकोर्ट ने दी जमानत
पटना हाईकोर्ट ने अनंत सिंह को 19 मार्च को ही जमानत दे दी थी, लेकिन तकनीकी कारणों से उनकी रिहाई में देरी हुई. बेल बॉन्ड समय पर जमा नहीं हो पाने के कारण उन्हें चार दिन बाद 23 मार्च को जेल से बाहर आने का मौका मिला. अदालत ने उन्हें 15,000 रुपये के मुचलके पर राहत दी है.
हत्या की साजिश रचने का आरोप
अनंत सिंह को एक नवंबर को गिरफ्तार किया गया था. उन पर हत्या की साजिश रचने का आरोप है. अदालत ने जमानत देते हुए सख्त शर्तें भी लगाई हैं, जिनमें गवाहों को प्रभावित न करने और सबूतों से छेड़छाड़ न करने का निर्देश शामिल है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, दुलारचंद यादव की मौत गंभीर चोटों के कारण हुई थी.
मोकामा सीट पर अनंत सिंह का प्रभाव
मोकामा सीट पर अनंत सिंह और उनके परिवार का लंबे समय से प्रभाव रहा है. 1990 के दशक से इस क्षेत्र में उनका दबदबा बना हुआ है. वर्ष 2022 में एक अन्य मामले में दोषसिद्धि के बाद उनकी सदस्यता समाप्त हो गई थी, जिसके बाद उपचुनाव में उनकी पत्नी नीलम देवी ने जीत दर्ज की थी. बाद में उन्हें उस मामले में राहत भी मिल गई थी. फिलहाल उनकी रिहाई के बाद मोकामा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई जा रही है.
और पढ़ें
- बिहार इंटर बोर्ड परीक्षा में बेटियों का दबदबा लेकिन साइंस में आदित्य प्रकाश अमन ने मारी बाजी, मिलेगा 2 लाख रुपये का पुरस्कार
- बिहार के अररिया जिले में दिल दहला देने वाला सड़क हादसा, अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों की ली जान
- JDU छोड़ RLD में शामिल हुए केसी त्यागी, जयंत चौधरी ने किया पार्टी में स्वागत