बक्सर में नाबालिग से दरिंदगी, पटना के गेस्ट हाउस के रजिस्टर से खुले राज; जानें पूरा मामला

बक्सर नाबालिग दुष्कर्म मामले की जांच पटना के साईं गेस्ट हाउस तक पहुंच गई है. पुलिस ने विजिटर रजिस्टर और आरोपित द्वारा जमा पहचान पत्र की प्रति जब्त की है. कमरा नंबर 404 में कथित अपराध की जांच फोरेंसिक टीम करेगी.

Pinterest
Km Jaya

बक्सर: बक्सर के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के एक मध्य विद्यालय के शिक्षक अरविंद कुमार पर पूर्व छात्रा के साथ दुष्कर्म के आरोप की जांच अब पटना तक पहुंच गई है. पुलिस की विशेष जांच टीम ने एक्जीबिशन रोड स्थित साईं गेस्ट हाउस पहुंचकर कमरे और दस्तावेजों की जांच की है. पुलिस ने गेस्ट हाउस का विजिटर रजिस्टर और बुकिंग के दौरान जमा कराए गए पहचान पत्र की प्रति को जब्त किया है.

जांच के अनुसार आरोपित शिक्षक चार सितंबर 2025 को 13 वर्षीय छात्रा को बहला फुसलाकर पटना लाया था. पुलिस के मुताबिक, गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 404 में कथित अपराध हुआ था. रजिस्टर में छात्रा की उम्र 19 वर्ष दर्ज की गई थी, जबकि उसकी वास्तविक उम्र 13 वर्ष बताई गई है. आरोपित ने अपनी उम्र 26 वर्ष दर्ज कराई थी.

क्या लिया गया एक्शन?

पुलिस अब कमरे से उपलब्ध संभावित वैज्ञानिक साक्ष्यों की जांच के लिए फोरेंसिक टीम की मदद लेगी. हालांकि घटना को लंबा समय बीत चुका है और इस दौरान कमरे में कई अन्य लोग ठहर चुके होंगे. ऐसे में फोरेंसिक साक्ष्य मिलने की संभावना सीमित हो सकती है.


जांच के दौरान पुलिस को यह भी आशंका हुई है कि नाबालिग को अलग अलग होटलों और लाज में ले जाया गया था. इसी कड़ी में डुमरांव स्थित कलावती रेस्टोरेंट के एक कमरे को भी पुलिस ने सील किया है. पुलिस अब कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य ठिकानों और लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.

पुलिस को क्या है आशंका?

मामला अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद सामने आया. आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा का वीडियो बनाया और बाद में उसे डराने तथा ब्लैकमेल करने के लिए इस्तेमाल किया. पुलिस को आशंका है कि अरविंद कुमार और उसके शिक्षक साथी वीरेंद्र प्रसाद उर्फ वीरेंद्र पाल ने वीडियो के जरिए पीड़िता को दबाव में रखा और उसे अलग अलग स्थानों पर ले गए.

मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद इमाम अंसारी को प्राथमिकी दर्ज होने के दिन ही गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद मुख्य आरोपित अरविंद कुमार को ब्रह्मपुर से और वीरेंद्र को बक्सर रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया.

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस का कहना है कि मामले में नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन जांच अभी जारी है. अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस होटल और गेस्ट हाउस संचालकों की भूमिका की भी जांच कर रही है और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की बात कही है. अधिकारियों का लक्ष्य साक्ष्यों को मजबूत कर मामले में जल्द सुनवाई और कड़ी सजा सुनिश्चित कराना है.