मुजफ्फरपुर के तुर्की थाना क्षेत्र स्थित सकरी चौक पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के पहुंचने पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया था. मंत्री के स्वागत के लिए JDU कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं की बड़ी संख्या में भीड़ जुटी थी. इसी दौरान JDU नेता राजेश मंडल भी वहां मौजूद थे.
मिली जानकारी के मुताबिक मंत्री का काफिला पहुंचने के बाद राजेश मंडल उन्हें माला पहनाने के लिए आगे बढ़े. इस दौरान उनके आसपास काफी संख्या में लोग जमा हो गए. भीड़ बढ़ने के साथ धक्का-मुक्की जैसी स्थिति भी बन गई. इसी दौरान उनकी सोने की चेन गले से गायब हो गई.
राजेश मंडल के मुताबिक, स्वागत कार्यक्रम के दौरान उन्हें चेन गायब होने की भनक तक नहीं लगी. कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब उन्होंने अपने गले पर हाथ लगाया तो चेन वहां मौजूद नहीं थी. इसके बाद उन्होंने आसपास चेन की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला.
राजेश मंडल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि गायब हुई सोने की चेन की कीमत करीब 7 लाख रुपये है. उन्होंने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि चेन किसी ने जानबूझकर खींचकर निकाली या भीड़ में धक्का-मुक्की के दौरान टूटकर नीचे गिर गई. यही वजह है कि पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.
घटना की शिकायत मिलने के बाद तुर्की थाना पुलिस जांच में जुट गई है. तुर्की थानाध्यक्ष सह सब इंस्पेक्टर सेंटू कुमार ने मामले की पुष्टि की है. पुलिस के अनुसार, राजेश मंडल की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है. जांच के दौरान सकरी चौक और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. इसके अलावा मंत्री के स्वागत के दौरान बनाए गए वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चेन गायब होने के समय राजेश मंडल के आसपास कौन-कौन लोग मौजूद थे. पुलिस फुटेज के जरिए आरोपी को ढूंढने की कोशिश कर रही है.