IPL 2026

दानापुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन में मिला युवक का शव, मामले की जांच में जुटी पुलिस

बिहार के दानापुर रेलवे स्टेशन पर लगी एक ट्रेन से युवक का शव बरामद किया गया है. मृतक का शव कोच के अंदर बेल्ट से लटा था. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

Pinterest
Shanu Sharma

रेल के अंदर अपराध की घटना बढ़ गई है. एक नया मामला बिहार से सामने आया है. पुणे से दानापुर आ रही स्पेशल ट्रेन में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. दानापुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को खड़ी ट्रेन के बंद कोच में एक युवक का शव बेल्ट से लटका मिला.

घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुट गई. हालांकि युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. पुलिस मृतक के परिवार वालों को ढूंढ़ने की कोशिश कर रही है. अभी के लिए शव को मॉर्चरी में रखा गया है.

पुलिस ने दी मामले की जानकारी

मिल रही जानकारी के मुताबिक ट्रेन शनिवार सुबह करीब 11 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर पहुंची. यहां पर ट्रेन करीब डेढ़ घंटे तक लगी रही, लेकिन किसी को कोच में शव की खबर नहीं लगी. इसके बाद दोपहर साढ़े 12 बजे जब सफाईकर्मी महिला कोच के पास पहुंची तो पाया कि कोच का दरवाजा अंदर से बंद था. जिसके बाद सफाईकर्मी ने इसकी सूचना तुरंत आरपीएफ की टीम को दी. आरपीएफ टीम ने जब इमरजेंसी विंडो से अंदर झांका तो युवक का शव बेल्ट से लटका नजर आया. मामले की जानकारी मिलते ही फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और बताया कि मौत कुछ घंटे पहले हुई थी. जिसकी वजह से शव पूरी तरह अकड़ चुका था.

क्या है पूरा मामला?

रेल पुलिस के अनुसार कोच अटेंडेंट और अन्य स्टाफ से पूछताछ की गई, जिससे पता चला कि प्रयागराज के बाद कोच में कोई यात्री नहीं बचा था. जिसकी वजह से ट्रेन के दरवाजे बंद थे और बोगी खाली थी. जीआरपी अधिकारियों का मानना है कि घटना दानापुर स्टेशन पर नहीं हुई. स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में न तो कोई संदिग्ध व्यक्ति कोच के अंदर जाता दिखा है और न ही मृत युवक कोच में प्रवेश करते नजर आया. मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है. वह मैरून रंग की टी-शर्ट और काली जींस पहने हुए था. पुलिस को उसके पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या फिर कोई भी अन्य सामान नहीं मिला है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. इससे पहले भी ट्रेन के डिब्बे में एक शव मिला था.